प्रथम राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप के समारोह में शामिल होंगे खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव

 

 

  • 19 अगस्त को टीएसएच कानपुर पहुंचेंगे खेल मंत्री, उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ ने सौंपा औपचारिक आमंत्रण
  • 16 से 23 अगस्त तक टीएसएच में होगी राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप

 

कानपुर/लखनऊ, 25 जुलाई।

उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव 19 अगस्त को कानपुर स्थित टीएसएच (द स्पोर्ट्स हब) में आयोजित होने वाली प्रथम राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 के समारोह में शामिल होंगे। इस संबंध में उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में उनसे शिष्टाचार भेंट कर औपचारिक आमंत्रण सौंपा।

संघ के प्रतिनिधिमंडल ने किया आमंत्रित

प्रतिनिधिमंडल में उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के चेयरमैन संजीव पाठक तथा सचिव अरुण बनर्जी शामिल रहे। दोनों पदाधिकारियों ने खेल मंत्री को 16 से 23 अगस्त, 2026 तक कानपुर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का अनुरोध किया।

खेलों के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई

खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने आमंत्रण सहर्ष स्वीकार करते हुए 19 अगस्त को समारोह में शामिल होने की सहमति दी। उन्होंने कहा कि व्यस्त सरकारी कार्यक्रमों के बावजूद वह इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन में उपस्थित रहने का पूरा प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने प्रदेश में खेलों के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

स्टैग की मिनी टेबल टेनिस टेबल की भेंट

भेंट के दौरान उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ की ओर से खेल मंत्री को स्मृति-चिह्न के रूप में स्टैग की मिनी टेबल टेनिस टेबल भेंट की गई। इस अभिनव स्मृति-चिह्न को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की तथा टेबल टेनिस सहित अन्य खेलों को बढ़ावा देने के लिए संघ के प्रयासों की सराहना की।

देशभर के शीर्ष खिलाड़ी दिखाएंगे दम

गौरतलब है कि प्रथम राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 16 से 23 अगस्त तक कानपुर के टीएसएच (द स्पोर्ट्स हब) में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के शीर्ष टेबल टेनिस खिलाड़ी हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता से राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों को अपनी रैंकिंग सुधारने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।

 

 

Leave a Comment