- अनुशासनहीनता पर जीरो टॉलरेंस, अलग-अलग अवधि के लिए लगाया गया प्रतिबंध
- साउथ जिमखाना के शैलेन्द्र शुक्ला पर तीन मैच, पटेल प्रॉपर्टीज के ओम मिश्रा पर दो मैच और देवेन्द्र कुमार पूरे सत्र 2026-27 के लिए निलंबित
कानपुर, 25 जुलाई।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन (केसीए) ने अम्पायर के साथ दुर्व्यवहार और अनुशासनहीनता के मामले में तीन खिलाड़ियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। यह निर्णय खेल में अनुशासन बनाए रखने और अम्पायरों के सम्मान की रक्षा के उद्देश्य से लिया गया है।
केसीए सचिव कौशल कुमार सिंह द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, साउथ जिमखाना के खिलाड़ी शैलेन्द्र शुक्ला को तीन मैचों के लिए निलंबित किया गया है। वहीं, सीसीएल टी-20 में प्रतिभाग कर रही पटेल प्रॉपर्टीज टीम के खिलाड़ी ओम मिश्रा को दो मैचों के लिए निलंबित किया गया है।
इसके अतिरिक्त, देवेन्द्र कुमार को गंभीर अनुशासनहीनता के चलते पूरे सत्र 2026-27 के लिए निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान तीनों खिलाड़ी केसीए द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिताओं तथा संघ से संबद्ध इकाइयों द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिताओं में भाग नहीं ले सकेंगे।
केसीए ने स्पष्ट किया है कि खेल भावना, अनुशासन और अम्पायरों के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी इस प्रकार की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।