गोथिया कप 2026: स्पेशल ओलंपिक भारत फुटबॉल टीम ने जीता कांस्य पदक

 

 

 

  • कड़े मुकाबलों के बाद फिनलैंड को 2-1 से हराकर भारत ने किया शानदार समापन, कोच सत्येंद्र सिंह यादव की टीम का दमदार प्रदर्शन

 

कानपुर/गोथेनबर्ग (स्वीडन)।

विश्व के प्रतिष्ठित युवा फुटबॉल टूर्नामेंट गोथिया कप 2026 में स्पेशल ओलंपिक भारत फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। कठिन मुकाबलों और चुनौतीपूर्ण सफर के बाद भारतीय टीम ने तीसरे स्थान के मुकाबले में स्पेशल ओलंपिक फिनलैंड को 2-1 से हराकर देश का गौरव बढ़ाया।

भव्य उद्घाटन के साथ शुरू हुआ अभियान

स्वीडन के गोथेनबर्ग में आयोजित गोथिया कप 2026 की ओपनिंग सेरेमनी खेल, मित्रता और समावेशिता का उत्सव बनी। रंगारंग समारोह के बाद स्पेशल ओलंपिक भारत ने डिवीजनिंग मैचों से अपने अभियान की शुरुआत की।

पहले डिवीजनिंग मुकाबले में भारत ने स्पेशल ओलंपिक फ्रांस के साथ 1-1 से ड्रॉ खेला, जबकि दूसरे मैच में स्पेशल ओलंपिक जर्मनी-1 से 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। इन परिणामों के आधार पर भारतीय टीम को डिवीजन-2 में स्थान मिला।

जीत-हार के बीच मजबूत हुआ हौसला

डिवीजन-2 के पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्पेशल ओलंपिक एस्टोनिया को 2-0 से हराया। इस जीत से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास काफी बढ़ा।

हालांकि दूसरे मुकाबले में स्पेशल ओलंपिक तुर्कमेनिस्तान के खिलाफ टीम को 0-6 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद तीसरे मैच में स्पेशल ओलंपिक फिनलैंड ने भारत को 3-1 से हराया, जिससे भारतीय टीम के सामने पदक की चुनौती और कठिन हो गई।

कांस्य पदक मुकाबले में दिखाया जज्बा

तीसरे स्थान के लिए एक बार फिर भारत का सामना स्पेशल ओलंपिक फिनलैंड से हुआ। करो या मरो के इस मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए बेहतरीन टीमवर्क और जुझारूपन का प्रदर्शन किया। भारत ने फिनलैंड को 2-1 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम कर लिया।

टीम और कोच को मिली बधाइयाँ

स्पेशल ओलंपिक भारत फुटबॉल टीम की इस उपलब्धि पर कानपुर कैंटोनमेंट बोर्ड के मुख्य अधिशासी अधिकारी स्टीफन पी.डी., संयुक्त मुख्य अधिशासी अधिकारी कल्लूल हजारिका, उपाध्यक्ष लखन लाल ओमर, ऑफिस सुपरिटेंडेंट वंदना सिंहा, प्रधानाचार्या डॉ. शिखा अग्रवाल, सीनियर फिजियोथैरेपिस्ट सुब्रतो भद्रा, स्पेशल ओलंपिक भारत उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मुकेश शुक्ला, एरिया स्पोर्ट्स डायरेक्टर संजीव दोहरे, स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर मनोज सिंह तथा इंद्र पाल ने टीम और कोच सत्येंद्र सिंह यादव को बधाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विशेष खिलाड़ियों के समर्पण, मेहनत और आत्मविश्वास का प्रतीक है तथा देश के लिए गौरव का विषय है।

Leave a Comment