- किसान परिवार के बेटे ने मेहनत और प्रतिभा के दम पर हासिल की सफलता
- कोच पॉल देवेंद्र बोले- ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिभाओं को तराशना ही हमारा लक्ष्य
कानपुर, 26 जुलाई।
बेसिक हॉकी फाउंडेशन, कानपुर के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। अकादमी के होनहार खिलाड़ी पीयूष कुशवाहा का चयन उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कॉलेज में हुआ है। पीयूष किसान परिवार से हैं और चकेरी के मवैया गांव के निवासी हैं। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र और हॉकी प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
10 वर्ष की उम्र से शुरू किया हॉकी का सफर
पीयूष ने मात्र 10 वर्ष की आयु में हॉकी खेलना शुरू किया। उनकी प्रतिभा को पहचानते हुए पूर्व हॉकी खिलाड़ी और बेसिक हॉकी फाउंडेशन के संस्थापक और फॉर्मर हॉकी प्लेयर पॉल देवेंद्र ने उन्हें चकेरी स्थित शिवशंकर पुरम प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण देना शुरू किया। कोच ने उन्हें निशुल्क प्रशिक्षण के साथ खेल से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं, जिससे उनकी प्रतिभा लगातार निखरती गई।
बेसिक हॉकी फाउंडेशन का तीसरा खिलाड़ी बना स्पोर्ट्स कॉलेज का हिस्सा
पीयूष कुशवाहा बेसिक हॉकी फाउंडेशन, कानपुर के तीसरे खिलाड़ी हैं, जिनका चयन उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कॉलेज में हुआ है। यह उपलब्धि अकादमी की गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण व्यवस्था और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों का प्रमाण मानी जा रही है।
ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना ही उद्देश्य
कोच पॉल देवेंद्र ने कहा कि उनका उद्देश्य कानपुर के दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को तलाशना, उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देना और स्पोर्ट्स कॉलेज तक पहुंचाना है, ताकि वे आगे चलकर उत्तर प्रदेश और देश का राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व कर सकें। उन्होंने पीयूष को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह वरिष्ठ खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में बेहतर प्रदर्शन कर कानपुर और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
अकादमी के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि
बेसिक हॉकी फाउंडेशन लगातार जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को तैयार कर रहा है। पीयूष का चयन न केवल अकादमी के लिए उपलब्धि है, बल्कि उन युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं।