कानपुर के विनायक शुक्ला बने ओमान क्रिकेट टीम के कप्तान, जेएनटी संस्था में जश्न का माहौल

 

 

 

  • जेएनटी क्रिकेट संस्था से निकले विकेटकीपर-बल्लेबाज को मिली राष्ट्रीय टीम की कमान, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कानपुर का बढ़ा मान
  • महज डेढ़ वर्ष के अंतरराष्ट्रीय करियर में शानदार प्रदर्शन के दम पर जीता भरोसा, जेएनटी क्रिकेट संस्था ने बताया कानपुर और उत्तर प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि

 

कानपुर, 6 जुलाई।

कानपुर के क्रिकेट जगत के लिए गर्व का क्षण है। शहर के होनहार क्रिकेटर और जेएनटी क्रिकेट संस्था से क्रिकेट की बुनियादी शिक्षा प्राप्त करने वाले विनायक शुक्ला को ओमान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। ओमान क्रिकेट (OC) ने सोमवार को इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए उन्हें लंबे समय तक टीम की कप्तानी संभालने वाले जतिंदर सिंह का उत्तराधिकारी बनाया है। विनायक अब आगामी ACC Men’s Premier Cup और ICC Cricket World Cup League-2 के निर्णायक मुकाबलों में ओमान की कप्तानी करेंगे।

जतिंदर सिंह की जगह मिली कमान

ओमान क्रिकेट ने कप्तानी में बदलाव करते हुए विनायक शुक्ला को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। जतिंदर सिंह ने अक्टूबर 2024 से टीम का नेतृत्व करते हुए ओमान को कई ऐतिहासिक सफलताएं दिलाईं। उनकी कप्तानी में ओमान ने 19 वनडे में 11 जीत और 23 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 7 जीत दर्ज की। साथ ही टीम ने 2025 एशिया कप और 2026 आईसीसी टी-20 विश्व कप के लिए भी क्वालिफाई किया। अब उनकी जगह विनायक शुक्ला टीम की कमान संभालेंगे।

कानपुर से ओमान तक का प्रेरणादायक सफर

मूल रूप से कानपुर के रहने वाले 29 वर्षीय विनायक शुक्ला दाएं हाथ के विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत जेएनटी क्रिकेट संस्था से की, जहां उनकी प्रतिभा को निखारा गया। बेहतर अवसरों की तलाश में वे ओमान पहुंचे और अपनी मेहनत एवं निरंतर प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय टीम में स्थान बनाया।

उन्होंने दिसंबर 2024 में ओमान के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। महज डेढ़ वर्ष के अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी, विकेटकीपिंग और मैच परिस्थितियों को समझने की क्षमता से सभी को प्रभावित किया।

प्रदर्शन बना कप्तानी का आधार

विनायक शुक्ला ने अब तक ओमान के लिए 14 एकदिवसीय (ODI) मुकाबलों में 312 रन बनाए हैं, जबकि 22 टी-20 अंतरराष्ट्रीय (T20I) मैचों में 447 रन अपने नाम किए हैं। विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में उनके लगातार बेहतर प्रदर्शन और शांत नेतृत्व क्षमता को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है।

ओमान क्रिकेट के मुख्य कोच सुलक्षण कुलकर्णी ने कहा कि विकेटकीपर होने के कारण विनायक पूरे मैदान को बेहतर ढंग से पढ़ते हैं और उनकी क्रिकेट समझ बेहतरीन है। वहीं ओमान क्रिकेट के सचिव मधु जेसरानी ने इसे “नई नेतृत्व पीढ़ी की शुरुआत” बताया।

जेएनटी संस्था के लिए ऐतिहासिक गौरव

विनायक की उपलब्धि पर जेएनटी क्रिकेट संस्था में खुशी का माहौल है। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि यह केवल विनायक की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरी संस्था, कानपुर और उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

संस्था ने कहा, “हमारी अकादमी से क्रिकेट सीखकर आगे बढ़ा खिलाड़ी आज किसी अंतरराष्ट्रीय टीम का कप्तान बना है। यह जेएनटी परिवार के लिए सबसे गर्व के क्षणों में से एक है। विनायक की सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और यह साबित करती है कि कानपुर की प्रतिभा विश्व क्रिकेट में भी अपनी पहचान बना सकती है।”

विनायक शुक्ला की पहली बड़ी परीक्षा अगस्त में होने वाला ACC Men’s Premier Cup होगी। इसके बाद वह ICC Cricket World Cup League-2 के निर्णायक मुकाबलों में ओमान का नेतृत्व करेंगे, जहां टीम की नजर 2027 क्रिकेट विश्व कप क्वालिफायर के अंतिम चरण में जगह बनाने पर होगी।

Leave a Comment