एएसआईएससी साउथ ज़ोन ताइक्वांडो प्रतियोगिता में प्रयाग एकेडमी के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

 

 

 

  • दीपांशु ने जीता स्वर्ण, अनिकेत ने कांस्य पदक पर किया कब्जा
  • 13 विद्यालयों के खिलाड़ियों की मौजूदगी में हुई प्रतियोगिता, विजेताओं को किया गया सम्मानित

कानपुर, 5 जुलाई।

प्रयाग एकेडमी में आयोजित एएसआईएससी (ASISC) साउथ ज़ोन ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में शहर के 13 विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के अंडर-17 वर्ग में दीपांशु श्रीवास्तव ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं अंडर-14 वर्ग में अनिकेत यादव ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ा।

समापन समारोह में प्रयाग एकेडमी के प्रबंधक सुरेश तिवारी, प्रधानाचार्या सुचि केसवानी तथा सह-मेज़बान विद्यालय ऑल ब्राइट ग्लोबल स्कूल की प्रधानाचार्या दिव्या मिश्रा ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में कानपुर ताइक्वांडो वेलफेयर एसोसिएशन के ऑफिशियल शैलेन्द्र खरे, नीरज सिंह, दिव्या बाजपेयी, राखी सक्सेना, दीक्षा पंत, महेंद्र कुमार एवं आर्यन सक्सेना ने निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों ने प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन की सराहना की।

 

Leave a Comment