- एशिया पैसिफिक डेफ मल्टी स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 के लिए आयोजित ट्रायल्स में एथलेटिक्स, बैडमिंटन और शतरंज में दिखाया दम
- डेफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के 12 खिलाड़ियों ने लिया राष्ट्रीय ट्रायल्स में हिस्सा, तीन खिलाड़ियों ने उपविजेता और दो ने विजेता बनकर किया प्रभावित
कानपुर, 5 जुलाई।
डेफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश से संबद्ध अखिल भारतीय बधिर क्रीड़ा परिषद के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इन चयन ट्रायल्स के आधार पर 03 से 10 अक्टूबर 2026 तक पेनांग (मलेशिया) में आयोजित होने वाली एशिया पैसिफिक डेफ मल्टी स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम का चयन किया जाएगा।
एथलेटिक्स चयन ट्रायल्स 03 एवं 04 जुलाई 2026 को श्री कांतीरवा स्टेडियम, बेंगलुरु (कर्नाटक) में आयोजित हुए, जबकि बैडमिंटन, शतरंज एवं टेबल टेनिस के चयन ट्रायल्स 04 एवं 05 जुलाई 2026 को बी.एम.एस. कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग ग्राउंड, बसवनगुड़ी, बेंगलुरु में संपन्न हुए।
डेफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के कुल 12 खिलाड़ियों ने इन राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई स्पर्धाओं में शीर्ष स्थान हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
रोहित यादव ने जेवलिन थ्रो में द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि रिदम शर्मा ने 400 मीटर हर्डल्स और विवेक राणा ने 800 मीटर दौड़ में उपविजेता बनकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं आदित्या यादव ने बैडमिंटन (सीनियर महिला वर्ग) में विजेता बनने का गौरव हासिल किया तथा आशुतोष शुक्ला ने शतरंज (सीनियर पुरुष वर्ग) में प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया।
डेफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के महासचिव सौरभ श्रीवास्तव ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि चयनित खिलाड़ी अक्टूबर में मलेशिया में आयोजित एशिया पैसिफिक डेफ मल्टी स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और देश के लिए पदक जीतकर तिरंगे का मान बढ़ाएंगे।
उन्होंने कहा कि बधिर खिलाड़ियों की यह उपलब्धि यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और उचित अवसर मिलने पर दिव्यांग खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करने में सक्षम हैं।