सीआईएससीई अंडर-17 अंतर विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब वीरेंद्र स्वरूप पब्लिक स्कूल कैंट के नाम

 

 

 

  • फाइनल में सेठ आनंद राम जैपुरिया स्कूल को 1-0 से हराकर जीती ट्रॉफी, सेंट एलायसिस स्कूल ने कांस्य पदक किया अपने नाम
  • तीसरे स्थान के मुकाबले में सेंट एलायसिस स्कूल ने मैथडिस्ट हाई स्कूल को 3-1 से हराया

 

कानपुर, 5 जुलाई।

सेठ आनंद राम जैपुरिया स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय सीआईएससीई अंडर-17 अंतर विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल में वीरेंद्र स्वरूप पब्लिक स्कूल, कैंट ने मेजबान सेठ आनंद राम जैपुरिया स्कूल को 1-0 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

दोनों टीमों के बीच खेला गया फाइनल मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा। मैच के दौरान दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन वीरेंद्र स्वरूप पब्लिक स्कूल ने निर्णायक गोल कर बढ़त बनाई और अंत तक उसे बरकरार रखते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं सेठ आनंद राम जैपुरिया स्कूल को उपविजेता बनने से संतोष करना पड़ा।

उप विजेता सेठ आनंद राम जैपुरिया स्कूल।

तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में सेंट एलायसिस स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैथडिस्ट हाई स्कूल को 3-1 से हराकर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली सेंट एलायसिस् की टीम।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि विद्यालय के उप प्रधानाचार्य एम.के. मिश्रा ने विजेता टीम वीरेंद्र स्वरूप पब्लिक स्कूल, कैंट को ट्रॉफी एवं स्वर्ण पदक तथा उपविजेता सेठ आनंद राम जैपुरिया स्कूल के खिलाड़ियों को रजत पदक प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर विभागाध्यक्ष वीरेंद्र त्रिपाठी, फुटबॉल संघ के संरक्षक अजीत सिंह, राजकुमार, बलविंदर सिंह, सौरभ, शरद मिश्रा, सुशील चन्द्र तथा सुबोध शुक्ला सहित अनेक खेल प्रेमी एवं शिक्षक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Comment