उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय फुटबॉल रेफरी देबूजीत सिंह यादव ने फिर रचा कीर्तिमान, FIFA Cat-1 फिटनेस टेस्ट किया सफलतापूर्वक पास

 

 

 

  • AIFF के वार्षिक राष्ट्रीय रेफरी फिटनेस टेस्ट में अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरे उतरे, प्रदेश और जिले का बढ़ाया गौरव

 

कानपुर, 5 जुलाई।

उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय फुटबॉल रेफरी देबूजीत सिंह यादव ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट फिटनेस और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) के वार्षिक राष्ट्रीय रेफरी फिटनेस टेस्ट में FIFA Category-1 Referee Fitness Timing को सफलतापूर्वक क्लियर कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से उत्तर प्रदेश के फुटबॉल जगत में खुशी की लहर है।

यह प्रतिष्ठित फिटनेस टेस्ट लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (LNIPE), ग्वालियर में आयोजित किया गया, जिसमें देशभर के राष्ट्रीय रेफरियों ने हिस्सा लिया। इस चुनौतीपूर्ण परीक्षण में रेफरियों की गति, सहनशक्ति, चुस्ती और अंतरराष्ट्रीय स्तर के शारीरिक मानकों के अनुरूप उनकी क्षमता का मूल्यांकन किया गया। देबूजीत सिंह यादव ने सभी निर्धारित मानकों को सफलतापूर्वक पूरा कर अपनी बेहतरीन तैयारी, अनुशासन और समर्पण का परिचय दिया।

देबूजीत की इस उपलब्धि पर उनके परिवार में भी उत्साह का माहौल है। सफलता की सूचना मिलते ही उनकी माता श्रीमती शिव कुमारी एवं पिता श्री लक्ष्मी नारायण यादव ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है तथा उन्हें विश्वास है कि देबूजीत भविष्य में भी परिवार, प्रदेश और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।

देबूजीत सिंह यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, वरिष्ठ अधिकारियों, प्रशिक्षकों, सहयोगी रेफरियों तथा नियमित अभ्यास और कठिन परिश्रम को दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य भविष्य में भी अपनी फिटनेस और प्रदर्शन को उच्चतम स्तर पर बनाए रखते हुए भारतीय फुटबॉल रेफरिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।

उल्लेखनीय है कि FIFA Category-1 Referee Fitness Timing को सफलतापूर्वक पास करना किसी भी राष्ट्रीय रेफरी के लिए अत्यंत प्रतिष्ठित उपलब्धि मानी जाती है। यह प्रमाणित करता है कि संबंधित रेफरी अंतरराष्ट्रीय स्तर के फिटनेस मानकों पर पूरी तरह खरा उतरता है और उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में रेफरिंग के लिए तैयार है।

उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के महासचिव मोहम्मद शाहिद ने देबूजीत सिंह यादव को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के सभी रेफरियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास जताया कि देबूजीत भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी निष्पक्ष रेफरिंग और उत्कृष्ट प्रदर्शन से उत्तर प्रदेश और भारत का नाम रोशन करेंगे।

वहीं जिला फुटबॉल संघ के पदाधिकारियों अजीत सिंह, मनोज चतुर्वेदी, अमित नारंग, आसिफ इकबाल, बलविंदर सिंह, डेंजेल डिक्रूज, शरद जायसवाल एवं शैलेन्द्र रावत ने भी देबूजीत सिंह यादव को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण युवा खिलाड़ियों तथा रेफरियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

 

Leave a Comment