- शाश्वत बंदोह और क्षितिज तिवारी की शानदार पारियों के बाद गेंदबाजों ने दिखाया दम; संदेश फाउंडेशन प्रीमियर लीग का खिताब अमोल एकादश के नाम
- अखिलेश निषाद बने फाइनल के ‘मैन ऑफ द मैच’, डॉ. संजय कपूर और कौमुदी पांडे ने विजेता-उपविजेता टीमों को किया सम्मानित
कानपुर, 3 जुलाई।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) से संबद्ध आरवीएस क्रिकेट एकेडमी द्वारा आयोजित प्रथम संदेश फाउंडेशन प्रीमियर लीग फॉर जैक्सन कमिंस ट्रॉफी अंडर-19 टी-20 डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब अमोल एकादश ने अपने नाम कर लिया। सप्रू मैदान पर खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में अमोल एकादश ने आदित्य किचन गैलरी को 6 रन से शिकस्त देकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

शाश्वत-क्षितिज की पारियों ने रखी जीत की नींव
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए अमोल एकादश ने 19.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 134 रन बनाए। टीम की ओर से शाश्वत बंदोह ने 41 और क्षितिज तिवारी ने 40 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। आदित्य किचन गैलरी की ओर से अखिलेश निषाद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 16 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि आर्यन कनौजिया ने 2 विकेट हासिल किए।

उमेश और यश की गेंदबाजी से पलटा मैच
135 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आदित्य किचन गैलरी निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 128 रन ही बना सकी। प्रबलजीत यादव ने 47 और विकास यादव ने 46 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने का प्रयास किया, लेकिन अमोल एकादश के गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में शानदार नियंत्रण बनाए रखा। उमेश वर्मा ने 20 रन देकर 2 विकेट और यश यादव ने 39 रन देकर 2 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।

अखिलेश निषाद बने फाइनल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
फाइनल मुकाबले में पांच विकेट लेने वाले अखिलेश निषाद को मैन ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में केसीए चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने विजेता अमोल एकादश को ट्रॉफी एवं व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान किए, जबकि शुक्लागंज-गंगाघाट नगर पालिका की चेयरमैन कौमुदी पांडे ने उपविजेता आदित्य किचन गैलरी को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

इन खिलाड़ियों को मिले व्यक्तिगत पुरस्कार
समारोह में आदित्य गुप्ता को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, आर्यन कनौजिया को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, क्षितिज तिवारी को चतुर्मुखी खिलाड़ी (ऑलराउंडर), युवराज सिंह को सर्वश्रेष्ठ फील्डर तथा शिवम शर्मा को सर्वाधिक छक्के लगाने के लिए सम्मानित किया गया। पूर्व रणजी खिलाड़ी इंदर पाल सिंह, संदीप पांडे एवं कपिल पांडे ने खिलाड़ियों और टीम कोचों को पुरस्कार प्रदान किए।

मुख्य अतिथि का स्वागत राहुल सप्रू ने किया, जबकि केसीए सचिव कौशल कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन दिनेश कटियार ने किया। इस अवसर पर पी.के. मिश्रा, पी.एस. नेगी, अमिताभ गुप्ता, विपिन सिंह गौर, संजय मेहरोत्रा, पार्थ सप्रू, विकास भारती, जहीरुद्दीन, सौरभ सिंह, पवन अवस्थी, दारा सिंह पटेल सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे।





