ग्रीन पार्क में ही गूंजेगा यूपी टी-20 का रोमांच, सांसद रमेश अवस्थी के प्रयास लाए रंग

 

 

 

  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति सांसद ने जताया आभार, अगस्त से प्रस्तावित प्रतिष्ठित टी-20 टूर्नामेंट के अधिकांश मुकाबले कानपुर में होंगे
  • इकाना स्टेडियम में शिफ्ट होने की अटकलों पर विराम, क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर; सोशल मीडिया पर सांसद ने साझा की खुशखबरी

 

कानपुर, 3 जुलाई।

कानपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से यह चर्चा चल रही थी कि उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) का प्रतिष्ठित यूपी टी-20 टूर्नामेंट इस बार लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आयोजित होगा, लेकिन अब अधिकांश मुकाबले ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में ही खेले जाएंगे। इस निर्णय के बाद शहर के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से इसकी जानकारी साझा करते हुए इसे कानपुर के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के सहयोग और सकारात्मक हस्तक्षेप से ग्रीन पार्क को एक बार फिर यूपी टी-20 की मेजबानी का अवसर मिला है।

सांसद के प्रयासों से बदला फैसला

जानकारी के अनुसार खेल विभाग और यूपीसीए के बीच मैच फीस को लेकर चल रहे विवाद के कारण टूर्नामेंट को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में स्थानांतरित करने की तैयारी थी। इस बीच सांसद रमेश अवस्थी ने मामले को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष प्रमुखता से उठाया। इसके बाद मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप से टूर्नामेंट के अधिकांश मुकाबले पुनः कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में कराने का निर्णय लिया गया।

14 अगस्त से प्रस्तावित है टूर्नामेंट

सूत्रों के अनुसार 14 अगस्त से प्रस्तावित यूपी टी-20 टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में हो सकता है, जबकि शेष सभी मैच कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। हालांकि इस संबंध में अंतिम कार्यक्रम यूपीसीए द्वारा जारी किया जाएगा।

क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह

ग्रीन पार्क को फिर से यूपी टी-20 की मेजबानी मिलने की खबर से कानपुर के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों का मानना है कि इससे न केवल शहर में क्रिकेट का माहौल और मजबूत होगा, बल्कि स्थानीय दर्शकों को भी उच्च स्तरीय क्रिकेट मुकाबलों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।