49वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में कानपुर का दमदार प्रदर्शन, विजन एंड रिफ्लेक्शन एकेडमी ने जीते 18 पदक

 

  • डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज, नई दिल्ली में आयोजित प्रतियोगिता में 5 स्वर्ण, 9 रजत और 4 कांस्य पदक पर किया कब्जा, कई निशानेबाज प्री-नेशनल के लिए क्वालीफाई
  • आराध्या और पैरा शूटर दीपक कुमार कनौजिया रहे आकर्षण का केंद्र
  • 25 निशानेबाजों ने लिया हिस्सा, कई खिलाड़ियों ने प्री-नेशनल में बनाई जगह
  • केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और यूपी स्टेट राइफल एसोसिएशन अध्यक्ष ने किया सम्मानित

 

कानपुर, 1 जुलाई।

नई दिल्ली स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 20 जून से 30 जून 2026 तक आयोजित 49वीं उत्तर प्रदेश स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में कानपुर की विजन एंड रिफ्लेक्शन हाई परफॉर्मेंस शूटिंग एकेडमी के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 18 पदक अपने नाम किए। एकेडमी के खिलाड़ियों ने 5 स्वर्ण, 9 रजत और 4 कांस्य पदक जीतकर कानपुर का गौरव बढ़ाया और आगामी प्री-नेशनल प्रतियोगिताओं के लिए अपनी मजबूत दावेदारी भी पेश की।

आराध्या ने किया शानदार प्रदर्शन

महिला पिस्टल वर्ग में आराध्या प्रतियोगिता की सबसे सफल खिलाड़ियों में रहीं। उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल सब-यूथ वूमेन इंडिविजुअल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता, जबकि 10 मीटर एयर पिस्टल सीनियर वूमेन वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके अलावा 50 मीटर पिस्टल टीम इवेंट में आराध्या ने शिवांगी पांडे और आर्ची गुप्ता के साथ मिलकर रजत पदक हासिल किया।

पैरा शूटर दीपक कुमार कनौजिया ने जीते चार पदक

कानपुर के प्रतिष्ठित पैरा रायफल शूटर एवं एएलआईएमसीओ में कार्यरत दीपक कुमार कनौजिया ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण और 3 रजत पदकों सहित कुल चार पदक जीते। उन्होंने 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन (SH-1) में स्वर्ण पदक, जबकि 50 मीटर राइफल प्रोन मिक्स्ड (SH-1), 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग (SH-1) तथा 10 मीटर एयर राइफल प्रोन मिक्स्ड (SH-1) में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया।

टीम स्पर्धाओं में भी लहराया परचम

25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल टीम स्पर्धा में मोहन मुरारी, अक्षय प्रताप सिंह और हर्षित की तिकड़ी ने स्वर्ण पदक जीता। इसी टीम ने 50 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में भी रजत पदक अपने नाम किया। वहीं 10 मीटर एयर पिस्टल सब-यूथ महिला टीम में आराध्या, अनन्या सिंह और जलधिजा राठौर ने कांस्य पदक जीतकर एकेडमी की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ा।

पदक विजेताओं का हुआ सम्मान

प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने उत्तर प्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम सिंह यादव के साथ सभी पदक विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को प्री-नेशनल के लिए क्वालीफाई करने पर बधाई देते हुए आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

कई खिलाड़ियों ने प्री-नेशनल के लिए किया क्वालीफाई

एकेडमी के सचिव एवं कोच मयंक खाड़े ने बताया कि प्रतियोगिता में एकेडमी के कुल 25 निशानेबाजों ने हिस्सा लिया, जिनमें से अल्तसा, वैष्णवी, तारा कुमारी, निशी शुक्ला, मोहम्मद इमाद, त्रिकेय सत्यार्थी, प्रभास सत्यार्थी, देवांशु प्रजापति, रुद्रांश बाजपेयी और अराधश्याम सहित कई खिलाड़ियों ने प्री-नेशनल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।

उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय पैरा रायफल शूटर एवं पैरा शूटिंग कोच मोहम्मद उमर अपने शिष्य दीपक कुमार कनौजिया की चार पदकों की उपलब्धि से बेहद उत्साहित हैं। एकेडमी की संयोजक संध्या देवी एवं डॉ. देवेंद्र कुमार सिंह ने सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को इस शानदार सफलता पर बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।

 

Leave a Comment