राष्ट्रीय मुक्केबाजी में कानपुर के अवि कश्यप का स्वर्णिम पंच, 67 किग्रा वर्ग में जीता गोल्ड

 

 

  • लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, जालंधर में आयोजित सब जूनियर राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार सफलता, कानपुर सेंट्रल पर हुआ भव्य स्वागत
  • डी.आर. बॉक्सिंग क्लब के अवि कश्यप ने राष्ट्रीय स्तर पर किया कानपुर का नाम रोशन
  • ढोल-नगाड़ों और फूलमालाओं के साथ खिलाड़ियों व पदाधिकारियों ने किया जोरदार अभिनंदन
  • 5 जुलाई को बीएनएसडी इंटर कॉलेज में होगा सम्मान समारोह

 

 

कानपुर, 1 जुलाई।

पंजाब के जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में 23 जून से 29 जून 2026 तक आयोजित सब जूनियर बालक/बालिका राष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में कानपुर के होनहार मुक्केबाज अवि कश्यप ने 67 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर न केवल डी.आर. बॉक्सिंग क्लब बल्कि पूरे कानपुर और उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद बुधवार को दोपहर लगभग 3 बजे जैसे ही अवि कश्यप कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पहुंचे, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने फूलमालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और उत्साहपूर्ण नारों के बीच उनका विजय जुलूस निकाला गया। पूरे स्टेशन परिसर में खिलाड़ियों की इस उपलब्धि का उत्साह देखने लायक था।

कानपुर एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अवि कश्यप की इस ऐतिहासिक सफलता को जिले के लिए गर्व का क्षण बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। एसोसिएशन ने घोषणा की कि 5 जुलाई 2026 को बीएनएसडी इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज में अवि कश्यप तथा उनके कोच दिवाकर राजपूत (गौरव) का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर उपस्थित खेल पदाधिकारियों ने कहा कि अवि की सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है और यह उपलब्धि कठोर प्रशिक्षण, अनुशासन तथा समर्पण का परिणाम है। उन्होंने उत्तर प्रदेश टीम की कोच रुखसार बानो तथा कोच दिवाकर राजपूत (गौरव) के मार्गदर्शन और मेहनत की भी सराहना की, जिनके प्रयासों से कानपुर को यह स्वर्णिम उपलब्धि मिली।

अवि कश्यप का स्वागत एवं अभिनंदन करने वालों में हसन रजा जैदी, एस.पी. माहेश्वरी, अरुण शर्मा, वीरेंद्र त्रिपाठी, रमेश श्रीवास्तव, कानपुर एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम मिश्रा, सचिव संजीव दीक्षित, कोषाध्यक्ष भगवान दीन, नरेंद्र प्रताप सिंह, शैलेंद्र सिंह, महेंद्र शिरोमणि, सुरेश शिरोमणि, मनीष हजारिया, संजय गुप्ता, रवि कठेरिया, राहुल शर्मा, अमर कुमार, श्याम सिंह, सौरभ सिंह, आरती शर्मा, कीर्ति शर्मा, संतोष त्यागी, कंचन भारती, ग्रीन पार्क बॉक्सिंग प्रशिक्षक अल्पना शर्मा, स्वाति बाजपेयी, शैली यादव, काजल साहू, रक्षा दीक्षित सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Comment