भारत में पहली बार होगा वर्ल्ड डार्ट फेडरेशन का ‘इंडिया ओपन 2026’, उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें

 

 

  • कोलकाता के होटल ललित में होगी अंतरराष्ट्रीय डार्ट प्रतियोगिता, 25 देशों के खिलाड़ी करेंगे प्रतिभाग
  • कुल 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि के लिए होगा मुकाबला
  • उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को एशिया पैसिफिक डार्ट चैंपियनशिप में मिलेगा मौका

 

कानपुर, 1 जुलाई।

वर्ल्ड डार्ट फेडरेशन (WDF) के तत्वावधान में भारत में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की डार्ट प्रतियोगिता ‘इंडिया ओपन डार्ट प्रतियोगिता-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता कोलकाता के होटल ललित में आयोजित होगी, जिसमें भारत सहित 25 देशों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का कुल प्राइज फंड 10 लाख रुपये रखा गया है।

उत्तर प्रदेश डार्ट संघ के सचिव अमन सचान ने बताया कि यह प्रतियोगिता सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग के साथ-साथ जूनियर (18 वर्ष से कम), यूथ (23 वर्ष से कम) और पारा (दिव्यांग) वर्ग में भी आयोजित की जाएगी। भारतीय टीम में प्रत्येक आयु वर्ग में 12-12 खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जिनमें उत्तर प्रदेश के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश के चयनित खिलाड़ी

जूनियर वर्ग:

अरुष सागर गुप्ता (रायबरेली)

यूथ वर्ग:

आर्यन साहू (कानपुर), काजल राजपूत (कानपुर), कृतिका जैन (आगरा), आशु वर्मा, दुर्गेश कुमार

सीनियर वर्ग:

शैलेश कुमार (कानपुर), मोहम्मद युनुस (अलीगढ़), राकेश महाबीर (कानपुर), अंकुर गर्ग, राम सिसोदिया (गाजियाबाद), निश्चय वर्मा (आगरा)

महिला वर्ग:

महिमा गौतम, नेहा गौतम (उन्नाव), निधि जैन (आगरा), प्रीति कुमारी, सोनाली यादव (गाजियाबाद), कोमल शुक्ला (गोरखपुर)

पैरा (दिव्यांग) वर्ग:

सोभित कुमार (बरेली), मनीष कुमार (रायबरेली), दीपक त्रिपाठी (प्रयागराज)

आल इंडिया डार्ट संघ के सचिव प्रशांत सह ने बताया कि इंडिया ओपन-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को एशिया पैसिफिक डार्ट चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। यह चैंपियनशिप मंगोलिया में आयोजित होगी और खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर साबित होगी।

उन्होंने कहा कि भारत में पहली बार आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता से डार्ट खेल को नई पहचान मिलेगी तथा देश के उभरते खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त होगा। उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों से भी इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।

 

Leave a Comment