- फाइनल में लखनऊ को 44 रन से हराया, एकता बनीं प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
- बबीता यादव की विस्फोटक बल्लेबाजी और सिद्धी मिश्रा की घातक गेंदबाजी से कानपुर रेड ने चौथे डॉ. गौर हरि सिंहानिया स्मारक राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट पर जमाया कब्जा
- मुख्य अतिथि डॉ. संजय कपूर ने विजेता कानपुर रेड को ट्रॉफी एवं 21 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की
कानपुर, 30 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) द्वारा आयोजित चतुर्थ डॉ. गौर हरि सिंहानिया स्मारक राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता ‘स्पार्क कप’ का खिताबी मुकाबला जेके लोको स्टेडियम में खेला गया, जिसमें कानपुर रेड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ लखनऊ को 44 रन से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए कानपुर रेड ने निर्धारित 25 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। टीम की ओर से एकता सिंह ने नाबाद 65 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि बबीता यादव ने 48 और निशा वर्मा ने 23 रनों का योगदान दिया। लखनऊ की ओर से अन्वेषा चटर्जी ने एक विकेट हासिल किया।
164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ लखनऊ की टीम 25 ओवरों में 6 विकेट पर 119 रन ही बना सकी। आयुषी श्रीवास्तव ने 26 तथा आरजू सिंह ने नाबाद 34 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं। कानपुर रेड की ओर से सिद्धी मिश्रा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 17 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि क्षमा सिंह ने एक विकेट हासिल किया।
फाइनल मुकाबले के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. संजय कपूर (केसीए चेयरमैन एवं गवर्निंग काउंसिल, यूपी टी-20 लीग) ने विजेता कानपुर रेड को ट्रॉफी एवं 21 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की। विशिष्ट अतिथि एवं आगरा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील जोसान ने उपविजेता लखनऊ टीम को ट्रॉफी और 15 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया।
प्रतियोगिता में बबीता यादव को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सिद्धी मिश्रा को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज तथा एकता सिंह को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। फाइनल की प्लेयर ऑफ द मैच सिद्धी मिश्रा रहीं। इस अवसर पर उन्नाव क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव पी.के. मिश्रा, पूर्व रणजी क्रिकेटर राहुल रस्तोगी, कपिल पांडेय, सुनीत त्रिपाठी, पार्थोष अवस्थी, विपुल मालवीय, रिषभ डोनवाल, राघव और राहुल पाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दिनेश कटियार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन केसीए उपाध्यक्ष संजय तिवारी ने किया।