ओलम्पिक क्लब ने जीता प्रथम अनिल रावत (कप्तान) स्मारक क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब

 

 

  • फाइनल में सदर्न क्लब को 7 विकेट से हराया, लक्ष्य यादव की नाबाद पारी और अनिकेत यादव के हरफनमौला प्रदर्शन ने दिलाई जीत

 

कानपुर, 29 जून।

कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से आबद्ध एवं फ्रेंड्स यूनियन क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित प्रथम अनिल रावत (कप्तान) स्मारक क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में ओलम्पिक क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सदर्न क्लब को 7 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। मुकाबला सप्रू स्टेडियम, शुक्लागंज में खेला गया।

सदर्न क्लब ने बनाए 147 रन

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए सदर्न क्लब ने निर्धारित 35 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाए। टीम की ओर से कृष्णा बाली ने शानदार नाबाद 74 रन बनाए, जबकि शुभदीप आनंद ने 37 रनों का योगदान दिया। ओलम्पिक क्लब की ओर से अनिकेत कुमार ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 12 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।

ओलम्पिक क्लब ने 27वें ओवर से पहले हासिल किया लक्ष्य

148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओलम्पिक क्लब की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 26.5 ओवर में मात्र 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। लक्ष्य यादव ने नाबाद 41 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। उनके अलावा आकाश यादव ने 31 और आयुष ने 26 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। सदर्न क्लब की ओर से आदित्य दीक्षित और अक्षत श्रीवास्तव ने एक-एक विकेट लिया।

अनिकेत यादव बने मैन ऑफ द मैच

फाइनल मुकाबले में गेंद से प्रभावी प्रदर्शन करने वाले अनिकेत यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उनके प्रदर्शन ने ओलम्पिक क्लब की जीत में अहम भूमिका निभाई।

पूर्व रणजी खिलाड़ियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

फाइनल मुकाबले के दौरान पूर्व रणजी खिलाड़ी राहुल सप्रू, परवेज अहमद, प्रेम कुमार, गौरव सोनकर, महेश पाल, नावेद आफाक और पुनीत झा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

आयोजन सचिव अजीत सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का सफल आयोजन खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी रहा और भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन जारी रहेगा।

Leave a Comment