कानपुर में तीरंदाजी को नई उड़ान देने की तैयारी, जिला आर्चरी एसोसिएशन की बैठक में कई अहम फैसले

 

 

 

  • नियमित रैंकिंग टूर्नामेंट, प्रशिक्षण शिविर और निःशुल्क वर्कशॉप होंगे आयोजित

 

कानपुर, 24 जून।

कानपुर नगर में तीरंदाजी खेल को नई दिशा देने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला आर्चरी एसोसिएशन, कानपुर नगर की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को राज्य कर भवन, लखनपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के सचिव राजा भरत अवस्थी ने की।

बैठक में तीरंदाजी खेल के विकास, खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, नए कोच एवं रेफरी तैयार करने तथा संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि कानपुर में तीरंदाजी की अपार संभावनाएं हैं और योजनाबद्ध प्रयासों से यहां के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

जुलाई से शुरू होंगी निःशुल्क आर्चरी वर्कशॉप

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिले में तीरंदाजी के प्रचार-प्रसार के लिए नियमित जिला स्तरीय रैंकिंग प्रतियोगिताएं, प्रशिक्षण शिविर तथा विद्यालयों में निःशुल्क वर्कशॉप आयोजित की जाएंगी। जुलाई माह से विभिन्न स्कूलों एवं अन्य स्थानों पर एक दिवसीय निःशुल्क आर्चरी वर्कशॉप शुरू करने की योजना बनाई गई है, जिससे अधिक से अधिक बच्चों को इस खेल से जोड़ा जा सके।

खिलाड़ियों को मिलेगा उपकरण सहयोग और सम्मान

एसोसिएशन ने निर्णय लिया कि पदक विजेता खिलाड़ियों को जिला स्तर पर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही आर्थिक रूप से जरूरतमंद खिलाड़ियों को तीरंदाजी उपकरण उपलब्ध कराने तथा क्लब स्तर पर आवश्यक संसाधन विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे। खिलाड़ियों की जिला पंजीकरण एवं सदस्यता प्रक्रिया को भी सुव्यवस्थित बनाया जाएगा।

वैभव गौड़ को प्रतियोगिताओं के संचालन की जिम्मेदारी

संगठन विस्तार के तहत सक्रिय सदस्यों को नई जिम्मेदारियां सौंपने का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में वैभव गौड़ को जिला आर्चरी एसोसिएशन, कानपुर नगर की ओर से प्रतियोगिताओं के आयोजन एवं संचालन का दायित्व सौंपने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

प्रोफेशनल ट्रेनिंग कैंप पर रहेगा विशेष फोकस

बैठक में यह भी तय किया गया कि अनुभवी एवं प्रशिक्षित कोचों के मार्गदर्शन में प्रोफेशनल ट्रेनिंग कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य खिलाड़ियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर जिला, राज्य, राष्ट्रीय एवं स्कूल गेम्स प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना होगा।

बैठक में राजा भरत अवस्थी, संदीप कुमार, मौसमी साहू, वैभव गौड़, धर्मेंद्र अवस्थी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment