- यूथ आर्चरी एकेडमी क्रीडा केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का दिया संदेश
- राजुल खन्ना ने परिवारों को योग से जोड़ने का किया आह्वान, श्याम मिश्रा ने योग के व्यापक प्रचार पर दिया जोर
कानपुर, 21 जून।
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर क्रीडा भारती कानपुर महानगर के तत्वावधान में यूथ आर्चरी एकेडमी, घनश्याम दास शिवकुमार जूनियर हाई स्कूल, किदवई नगर स्थित क्रीडा केंद्र में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, महिलाओं एवं नागरिकों ने सहभागिता कर योग के महत्व को आत्मसात किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्रीडा भारती कानपुर महानगर के अध्यक्ष राजुल खन्ना ने भारत माता एवं हनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया। इसके पश्चात योग गुरु सुनील कुमार वर्मा ने मंत्रोच्चारण के साथ विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया और योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी।
इस अवसर पर राजुल खन्ना ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग को नियमित रूप से अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए तथा परिवार के प्रत्येक सदस्य को योग से जोड़ना चाहिए। इससे क्रीडा भारती का ‘सभी स्वस्थ हों, सभी निरोगी हों’ का संकल्प साकार हो सकेगा।
क्रीडा भारती के महानगर मंत्री श्याम मिश्रा ने योग एवं व्यायाम के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक क्रिया नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने की प्रक्रिया है। उन्होंने सभी लोगों से क्रीडा भारती से जुड़कर योग को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया तथा युवाओं को खेल मैदानों की ओर प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन संयोजक एवं क्रीडा भारती महानगर सह मंत्री संदीप कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के योग अभियान को सफल बनाने में सभी का योगदान सराहनीय है।
इस अवसर पर शैलेश कटियार, सुलोचना दीक्षित, संतोष त्यागी, संजीव दीक्षित, सविता, कंचन, आशा, सारिका, राजेंद्र वर्मा, अविनाश चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।