- अवी फाउण्डेशन ने रेनू आईवीएफ को 67 रन से हराया, दूसरे मुकाबले में डैम स्ट्राइकर्स ने स्पार्क इंटरनेशनल को 5 विकेट से दी शिकस्त
कानपुर, 15 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित छठी राज रतन महिला लीग में सोमवार को रंगीन ड्रेस और सफेद गेंद से खेले गए दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। वीएसएसडी कॉलेज मैदान पर खेले गए मैच में तृप्ति सिंह के नाबाद शतक की बदौलत अवी फाउण्डेशन ने रेनू आईवीएफ को 67 रन से पराजित किया, जबकि बीसीए गंगा बैराज मैदान पर डैम स्ट्राइकर्स ने अंजलि रावत की शानदार पारी के दम पर स्पार्क इंटरनेशनल को 5 विकेट से मात दी।

पहले मुकाबले में अवी फाउण्डेशन ने 35 ओवर में 5 विकेट पर 226 रन बनाए। तृप्ति सिंह ने नाबाद 104 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। माही राजपूत ने 49 और रिशू शर्मा ने 35 रन का योगदान दिया। रेनू आईवीएफ की ओर से सोती ठाकुर ने 2 विकेट लिए।

जवाब में रेनू आईवीएफ की टीम 35 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन ही बना सकी। एकता सिंह ने 50 रन बनाए, जबकि बबीता और आनन्दी कश्यप ने 26-26 रन का योगदान दिया। अवी फाउण्डेशन की नंदनी सिंह और पूजा यादव ने तीन-तीन विकेट झटके। तृप्ति सिंह को उनके शानदार शतक के लिए वूमैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में स्पार्क इंटरनेशनल ने 35 ओवर में 6 विकेट पर 193 रन बनाए। शिबू सिंह पाल ने नाबाद 83 रन, प्रियांशी सिंह ने 43 और वर्षा शर्मा ने 31 रन बनाए। डैम स्ट्राइकर्स की ओर से अनन्या ने 3 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए डैम स्ट्राइकर्स ने 32.5 ओवर में 5 विकेट पर 194 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। अंजलि रावत ने 72 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अर्चना देवी ने नाबाद 33 और काव्या बन्दोह ने 27 रन बनाए। अंजलि रावत को वूमैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन फिक्की फ्लो कानपुर की सचिव डॉ. शेफाली राय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मुख्य अतिथि का स्वागत कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव कौशल कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष एस.एन. सिंह ने दिया। कार्यक्रम का संचालन दिनेश कटियार ने किया। इस अवसर पर डॉ. दीपक श्रीवास्तव, मोईन सिद्दीकी, रीता डे एवं पी.एस. नेगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।