- वीएसएसडी कॉलेज मैदान पर प्रतिभाओं की हुई परख, चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों के कौशल का किया मूल्यांकन
कानपुर, 14 जून।
आगामी एसकेएमके ट्रॉफी अंडर-12 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए शनिवार को वीएसएसडी कॉलेज मैदान में आयोजित चयन ट्रायल में युवा खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा। ट्रायल में शहर और आसपास के क्षेत्रों से आए 210 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण और फिटनेस का बारीकी से परीक्षण किया गया। चयन प्रक्रिया की जिम्मेदारी अनुभवी चयनकर्ताओं इंद्रपाल सिंह गहलोत एवं डॉ. विकास यादव ने संभाली। दोनों चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों के तकनीकी कौशल, खेल की समझ और मैदान पर उनके प्रदर्शन का सूक्ष्म मूल्यांकन किया।
ट्रायल में बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसके चलते चयनकर्ताओं को खिलाड़ियों का विस्तृत आकलन करने का अवसर मिला। आयोजन समिति के अनुसार अभी भी कई खिलाड़ियों का परीक्षण शेष है, जिसके लिए रविवार को भी ट्रायल आयोजित किया जाएगा।
आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों से समय पर उपस्थित होकर आवश्यक क्रिकेट किट के साथ ट्रायल में भाग लेने की अपील की है। चयनित खिलाड़ियों को आगामी एसकेएमके ट्रॉफी अंडर-12 प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।