- 14 अगस्त से शुरू होने वाली लीग के मद्देनजर सुरक्षा, पार्किंग और दर्शक सुविधाओं का लिया जायजा, चाक-चौबंद व्यवस्था का दिया भरोसा
कानपुर, 11 जून।
आगामी 14 अगस्त से 6 सितम्बर 2026 तक आयोजित होने वाली यूपी टी-20 लीग की तैयारियों के तहत ग्रीन पार्क स्टेडियम का संयुक्त निरीक्षण किया गया। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर विपिन टाडा ने यूपीसीए चेयरमैन डॉ. संजय कपूर एवं सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता के साथ स्टेडियम के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से जायजा लिया तथा आयोजन से संबंधित सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान पैवेलियन बालकनी, डायरेक्टर पवेलियन, वीआईपी पवेलियन सहित दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकासी मार्गों तथा वाहनों की पार्किंग व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने मैचों के दौरान दर्शकों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया।
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर विपिन टाडा ने निरीक्षण के उपरांत यूपीसीए पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि यूपी टी-20 लीग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से सुदृढ़ और चाक-चौबंद रहेगी, ताकि खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष संजय तिवारी, अरविंद सिंह, सचिव कौशल कुमार सिंह, अश्विनी कोहली, आशीष सचान, अहमद अली खान (तालिब) तथा पी.एस. नेगी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।