अरमान का अर्धशतक, मगीज कैफे फाइनल में

 

 

  • 241 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर कलावती सुपरकिंग्स को 77 रन से हराया, मैन ऑफ द मैच बने अरमान खान

 

कानपुर, 11 जून।

कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन से आबद्ध एवं फ्रेन्ड्स क्रिकेट एकेडमी द्वारा आयोजित प्रथम गीता देवी स्मारक अंडर-19 टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में मगीज़ कैफे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कलावती सुपरकिंग्स को 77 रनों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। गीता देवी (मण्टोरा) मैदान पर खेले गए मुकाबले में अरमान खान के नाबाद अर्धशतक और टीम के बल्लेबाजों की सामूहिक बल्लेबाजी जीत की आधारशिला बनी।

पहले बल्लेबाजी करते हुए मगीज़ कैफे ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 241 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। अमन राजपूत ने 44, मिहिर सिंह ने 33, अभिनव यादव ने 33, अविनाश यादव ने 28 और शुभम दुबे ने 28 रन बनाए। वहीं अरमान खान ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 54 रन की नाबाद पारी खेली। गेंदबाजी में अक्षत श्रीवास्तव ने 3 विकेट तथा मयंक ने 2 विकेट हासिल किए।

242 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कलावती सुपरकिंग्स की टीम 20 ओवरों में 164 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। शिवम यादव ने 43, रोहित कुमार गुप्ता ने 35, अभिषेक राय ने 24 और अमरजीत सिंह ने 22 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। मगीज़ कैफे की ओर से अभिजीत सिंह ने 3 विकेट, जबकि दीपक यादव और अनिकेत यादव ने 2-2 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी को बिखेर दिया।

मगीज़ कैफे ने यह मुकाबला 77 रनों से जीतकर फाइनल में जगह बनाई। शानदार नाबाद 54 रन की पारी खेलने वाले अरमान खान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

Leave a Comment