- 201 रन के विशाल स्कोर के जवाब में नाइट स्कॉर्चर्स 188/6 तक ही पहुंच सकी, अभिषेक कुमार के 71 रन भी नहीं बचा सके टीम को हार से
- प्रमोद पाटिल ने 22 गेंदों पर 49 रन की विस्फोटक पारी खेली, जय एच वलेचा ने 42 और शुभम कुमार ने नाबाद 34 रन बनाए
कानपुर, 9 जून।
केसीसीएल (कानपुर कॉर्पोरेट क्रिकेट लीग) सीजन-1 के अंतर्गत बीसीए गंगा बैराज मैदान पर खेले गए लीग मुकाबले में कालावती रेंजर्स ने नाइट स्कॉर्चर्स को 13 रन से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कलावती रेंजर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट पर 201 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में नाइट स्कॉर्चर्स की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 188 रन ही बना सकी।

कलावती रेंजर्स की शुरुआत तेज रही। आयुष शुक्ला ने मात्र 11 गेंदों पर 26 रन बनाए। कप्तान आयुष बड़ा योगदान नहीं दे सके और 10 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद आशीष यादव ने 18 रन जोड़े। मध्यक्रम में प्रमोद पाटिल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों में 49 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 4 शानदार छक्के शामिल रहे। जय एच वलेचा ने 23 गेंदों पर 42 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। अंतिम ओवरों में शुभम कुमार ने 16 गेंदों पर नाबाद 34 रन बनाकर टीम को 200 रन के पार पहुंचाया। टीम को 21 अतिरिक्त रन भी मिले।
नाइट स्कॉर्चर्स की ओर से संतोष गुप्ता सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में मात्र 10 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। पथक और अखिलेश ने एक-एक विकेट लिया।
201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नाइट स्कॉर्चर्स को डॉ. सचिन ने 24 रन बनाकर अच्छी शुरुआत दिलाई। हालांकि टीम को सबसे बड़ी उम्मीद अभिषेक कुमार से मिली, जिन्होंने 48 गेंदों पर 71 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में 5 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिल सका। आशिष शुक्ला 11, रोहित टी 6 रन बनाकर आउट हुए जबकि पथक ने 17 गेंदों पर 32 रन और प्रहलाद सिंह ने 14 गेंदों पर नाबाद 22 रन बनाकर संघर्ष किया।
कलावती रेंजर्स की गेंदबाजी में आशीष यादव ने दो विकेट हासिल किए, जबकि विकास शर्मा, प्रमोद पाटिल और हर्षित जोशी ने एक-एक विकेट लिया। फील्डिंग में भी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण कैच लपके और दबाव बनाए रखा।
मैच के दौरान प्रमोद पाटिल ने अपने करियर के 50 छक्के पूरे करने का विशेष मील का पत्थर भी हासिल किया, जिसके लिए उन्हें खिलाड़ियों और दर्शकों ने बधाई दी। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी और उपयोगी गेंदबाजी ने कालावती रेंजर्स की जीत में अहम भूमिका निभाई।
इस जीत के साथ कलावती रेंजर्स ने केसीसीएल सीजन-1 में अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी है, जबकि नाइट स्कॉर्चर्स को करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।