कानपुर वॉरियर्स और जीटीबी वॉरियर्स सेमीफाइनल में पहुंचे

 

 

 

  • सीसीएल टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में दोनों टीमों का शानदार प्रदर्शन, खिलाड़ियों ने दिखाया दम

 

कानपुर, 24 मई।

कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन द्वारा आयोजित सीसीएल टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को खेले गए मुकाबलों में कानपुर वॉरियर्स और जीटीबी वॉरियर्स ने शानदार जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

आशीष यादव

कानपुर वॉरियर्स ने नाइट स्कॉर्चर्स को 177 रन से हराया

राहुल सप्रू मैदान पर खेले गए मुकाबले में कानपुर वॉरियर्स ने नाइट स्कॉर्चर्स को एकतरफा मुकाबले में 177 रन से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए कानपुर वॉरियर्स ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 249 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से उज्ज्वल गुप्ता ने नाबाद 69 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि आशीष यादव ने 57 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

249 रन के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी नाइट स्कॉर्चर्स की पूरी टीम 17.3 ओवर में मात्र 72 रन पर ढेर हो गई। कानपुर वॉरियर्स की ओर से सौरभ गुप्ता ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 17 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। गुरविंदर और आशीष यादव ने 2-2 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह बिखेर दिया।

आलराउंड प्रदर्शन के लिए आशीष यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

जीटीबी वॉरियर्स ने 7 विकेट से दर्ज की आसान जीत

दूसरे मुकाबले में जीटीबी वॉरियर्स ने क्रेजी रेंजर्स को 7 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। पहले बल्लेबाजी करते हुए क्रेजी रेंजर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 129 रन बनाए। टीम की ओर से आयुष पाठक ने सर्वाधिक 41 रन का योगदान दिया। जीटीबी वॉरियर्स के गेंदबाज अब्दुल रहमान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 रन देकर 3 विकेट झटके।

130 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीटीबी वॉरियर्स ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 12.4 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अभिनव ने नाबाद 52 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि अब्दुल रहमान ने 44 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए अब्दुल रहमान को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

Leave a Comment