- सार्थक सिंह और सम्राट सिंह चंदेल बने जीत के हीरो, खिलाड़ियों ने दिखाया दमदार प्रदर्शन
कानपुर, 19 मई।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से संबद्ध एवं जेएनटी स्पोर्ट्स वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित 14वीं जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट लीग 2026 में रविवार को खेले गए मुकाबलों में युवा खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कानपुर साउथ मैदान में आयोजित लीग मैचों में डीकेजी एंटरटेनमेंट इलेवन और लिवरपूल इलेवन ने रोमांचक जीत दर्ज की।

पहले मुकाबले में डीकेजी एंटरटेनमेंट इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 25 ओवर में 159 रन बनाए। टीम की ओर से अवान पुरोहित ने 75 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि ध्रुव वर्मा ने 15 और अतिनेश शुक्ला ने 24 रन का योगदान दिया। विपक्षी टीम की ओर से शिवांश राय ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हासिल किए।

जवाब में प्राइम एनलाइटन इलेवन की टीम 25 ओवर में 155 रन ही बना सकी और मुकाबला 4 रन से हार गई। टीम की ओर से साहर्ष वात्स ने 58 और अभिराम त्रिपाठी ने 55 रनों की बेहतरीन पारियां खेलीं, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। डीकेजी एंटरटेनमेंट के गेंदबाज सार्थक सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट झटके और उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

दिन के दूसरे मुकाबले में बालमोल इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 25 ओवर में 132 रन बनाए। आदर्श शर्मा ने नाबाद 39 रन बनाए, जबकि मुदित यादव ने 16 रनों का योगदान दिया। लिवरपूल इलेवन की ओर से सम्राट सिंह चंदेल ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी लिवरपूल इलेवन ने मुकाबला बेहद रोमांचक अंदाज में 2 विकेट से जीत लिया। टीम की ओर से यशस्वी ने 30 और सार्थक अग्रवाल ने 34 रनों की उपयोगी पारी खेली। सम्राट सिंह चंदेल ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए गेंद और बल्ले दोनों से योगदान दिया, जिसके लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता के आयोजकों ने बताया कि लीग का उद्देश्य नन्हें खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करना और क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारना है। मैचों के दौरान अभिभावकों और खेल प्रेमियों में भी काफी उत्साह देखने को मिला।