केडीएमए क्रिकेट लीग में विनर्स क्लब, सिंघानिया अकादमी, गीतांजलि क्लब और एचबीटीयू की शानदार जीत

 

 

  • सार्थक-प्रियंशु की तूफानी बल्लेबाजी, शिवशंकर का ऑलराउंड प्रदर्शन और अनूप गौतम की शानदार पारी रही आकर्षण का केंद्र

 

कानपुर, 18 मई।

कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन (KCA) द्वारा आयोजित केडीएमए क्रिकेट लीग के अंतर्गत शहर के विभिन्न मैदानों पर खेले गए चार मुकाबलों में विनर्स क्लब, सर पदमपत सिंघानिया स्पोर्ट्स अकादमी, गीतांजलि क्लब एवं एचबीटीयू ने अपने-अपने मैच जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। दिनभर चले मुकाबलों में बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया।

विनर्स क्लब ने ओलंपिक रजि. को 7 विकेट से हराया

पीएसी मैदान पर खेले गए मुकाबले में ओलंपिक रजि. की टीम 31.5 ओवरों में 159 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से राधेश्याम गुप्ता ने 53 रन बनाए, जबकि प्रबल केसरवानी ने 28 एवं शिवेंद्र श्रीवास्तव ने 22 रनों का योगदान दिया। विनर्स क्लब की ओर से अखिलेश निषाद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 45 रन देकर 4 विकेट झटके।

जवाब में विनर्स क्लब ने मात्र 18.3 ओवरों में 3 विकेट खोकर 161 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। सार्थक लोहिया ने नाबाद 60 और प्रियंशु रावत ने नाबाद 57 रन बनाकर टीम को आसान जीत दिलाई।

शिवशंकर के ऑलराउंड खेल से सिंघानिया अकादमी विजयी

एवरेस्ट मैदान पर खेले गए मुकाबले में सर पदमपत सिंघानिया स्पोर्ट्स अकादमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 36 ओवरों में 6 विकेट पर 263 रन बनाए। शिवशंकर ने 86 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जबकि अविनाश यादव ने 50 रन जोड़े।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी वांडरर्स क्लब की टीम ने संघर्षपूर्ण प्रदर्शन किया, लेकिन 35 ओवरों में 241 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। नीलेश कौल ने शानदार 103 रन बनाए तथा अभय यादव ने 77 रनों की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। शिवशंकर ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 6 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। सिंघानिया अकादमी ने मुकाबला 22 रनों से जीत लिया।

अनूप गौतम की शानदार बल्लेबाजी से गीतांजलि क्लब की बड़ी जीत

आरपीसीए मैदान पर गीतांजलि क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवरों में 5 विकेट पर 246 रन बनाए। अनूप गौतम शतक से चूक गए और 98 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कृष्णकांत द्विवेदी ने नाबाद 75 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए वैदिक यूनियन की टीम 35 ओवरों में 8 विकेट पर 173 रन ही बना सकी। तनुष अवस्थी ने सर्वाधिक 41 रन बनाए। गीतांजलि क्लब की ओर से सुजल ने 32 रन देकर 3 विकेट लिए। गीतांजलि क्लब ने यह मुकाबला 73 रनों से जीत लिया।

एचबीटीयू ने स्टार क्लब को 4 विकेट से हराया

एचबीटीयू मैदान पर स्टार क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवरों में 7 विकेट पर 183 रन बनाए। नमन जायसवाल ने 48 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।

जवाब में एचबीटीयू की टीम ने 30.1 ओवरों में 6 विकेट खोकर 184 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। वैभव पेंगुरिया 43 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि शिवम सिंह ने 32 रनों का योगदान दिया। एचबीटीयू ने मुकाबला 4 विकेट से जीत लिया।

इस आशय की जानकारी कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन के सचिव Kaushal Kumar Singh ने दी।

 

Leave a Comment