गोटिया कप फुटबॉल चैंपियनशिप के प्री-कैंप के लिए कानपुर के कृष्णा और कोच सत्येंद्र का चयन

 

 

 

  • स्वीडन में होने वाली विश्व स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारी के लिए ग्वालियर में चल रहा विशेष प्रशिक्षण शिविर
  • प्रेरणा स्कूल फॉर स्पेशल चिल्ड्रन के खिलाड़ी और कोच ने बढ़ाया शहर का मान

 

कानपुर, 18 मई।

स्वीडन में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित गोटिया कप फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए कानपुर के खिलाड़ी और कोच का चयन होने से शहर में खुशी का माहौल है। Special Olympics Bharat द्वारा आयोजित फुटबॉल प्री-कैंप के लिए प्रेरणा स्कूल फॉर स्पेशल चिल्ड्रन, कानपुर के खिलाड़ी कृष्णा अग्रवाल और कोच सत्येंद्र सिंह यादव का चयन किया गया है। यह प्री-कैंप ग्वालियर में 24 मई तक आयोजित किया जा रहा है, जहां देशभर से चयनित विशेष खिलाड़ियों और कोचों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

गोटिया कप को ‘यूथ फुटबॉल वर्ल्ड कप’ के नाम से भी जाना जाता है, जिसमें दुनिया के 70 से अधिक देशों के खिलाड़ी भाग लेते हैं। प्री-कैंप के बाद चयनित भारतीय टीम जुलाई में स्वीडन के लिए रवाना होगी। कृष्णा अग्रवाल और कोच सत्येंद्र सिंह यादव के चयन को कानपुर और उत्तर प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

इस अवसर पर मुकेश शुक्ला और संजीव दोहरे ने दोनों को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है और उन्हें उम्मीद है कि खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करेंगे।

खिलाड़ी और कोच की इस उपलब्धि पर कैंटोनमेंट बोर्ड के मुख्य अधिशासी अधिकारी स्टीफन पी.डी., संयुक्त मुख्य अधिशासी अधिकारी कल्लूलुल हजारिका, उपाध्यक्ष लखन लाल ओमर, कार्यालय अधीक्षक वंदना सिन्हा, प्रधानाचार्या शिखा अग्रवाल तथा सीनियर फिजियोथेरेपिस्ट सुब्रतबद्र ने भी शुभकामनाएं दीं।

प्रधानाचार्या शिखा अग्रवाल ने बताया कि प्रेरणा स्कूल लगातार विशेष बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि Special Olympics Bharat Uttar Pradesh द्वारा दिसंबर माह में स्कूल में स्पोर्ट्स सेंटर भी संचालित किया गया था। कोच सत्येंद्र सिंह यादव के मार्गदर्शन में स्कूल के कई खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं।

Leave a Comment