- आर्यन यादव और माधव बाजपेयी बने जीत के हीरो, गेंदबाजों ने भी दिखाया दम
- कानपुर साउथ मैदान में रोमांचक मुकाबलों का चला दौर
कानपुर, 18 मई।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से संबद्ध जेएनटी स्पोर्ट्स वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित 14वीं जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट लीग 2026 में सोमवार को खेले गए मुकाबलों में गोल्डी मसाले इलेवन और सिग्मा ग्रिपलॉक इलेवन ने शानदार जीत दर्ज की। दोनों मैचों में युवा खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया।

गोल्डी मसाले इलेवन ने एसएनके इलेवन को 68 रन से हराया
पहले मुकाबले में गोल्डी मसाले इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 25 ओवर में 186 रन बनाए। टीम की ओर से आर्यन यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में 47 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। हर्ष गुप्ता ने 50 रन और प्रत्यक्ष राज ने 14 रन का योगदान दिया। अतिरिक्त के रूप में टीम को 16 रन मिले। एसएनके इलेवन की ओर से अंश कुमार और जिवांश ने 2-2 विकेट हासिल किए जबकि धर्मकेत देव और मानव कमाल को 1-1 सफलता मिली।

186 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसएनके इलेवन की टीम 25 ओवर में 118 रन पर सिमट गई। टीम के लिए अंश यादव ने 20 रन, साहिल पाल ने 14 रन और प्रियांश पाल ने 16 रन बनाए। गोल्डी मसाले इलेवन की ओर से देवांशी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट झटके जबकि अबू फजल, गणेश पाल, तनय बाजपेयी, रौनक और देवेश कार्तिक को 1-1 विकेट मिला। गोल्डी मसाले इलेवन ने मुकाबला 68 रन से अपने नाम किया। शानदार बल्लेबाजी के लिए आर्यन यादव को “मैन ऑफ द मैच” चुना गया।

सिग्मा ग्रिपलॉक इलेवन ने स्वास्तिक इंटरनेशनल इलेवन को 46 रन से हराया
दिन के दूसरे मुकाबले में सिग्मा ग्रिपलॉक इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20.1 ओवर में 116 रन बनाए। टीम की ओर से शिवांश चौधरी ने 34 रन और आदित्य यादव ने 21 रन की उपयोगी पारी खेली। अतिरिक्त के रूप में टीम को 7 रन प्राप्त हुए। स्वास्तिक इंटरनेशनल इलेवन की ओर से उत्कर्ष विश्वकर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट हासिल किए जबकि हर्ष वर्धन सिंह यादव, अंतस गुप्ता और यश पाल को 1-1 सफलता मिली।
117 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्वास्तिक इंटरनेशनल इलेवन की टीम 16 ओवर में 70 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से सार्थक मिश्रा ने 23 रन और आदित्य शर्मा ने 5 रन बनाए। सिग्मा ग्रिपलॉक इलेवन के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। माधव बाजपेयी और देवांश दुबे ने 3-3 विकेट झटके जबकि शुभम के, सूर्यांश यादव, रूपेश कुमार और आरव सिंह को 1-1 विकेट मिला। सिग्मा ग्रिपलॉक इलेवन ने मुकाबला 46 रन से जीत लिया। शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए माधव बाजपेयी को “मैन ऑफ द मैच” घोषित किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उबैद कमाल
मैच पुरस्कार समारोह में पूर्व रणजी खिलाड़ी एवं यूपीसीए सेलेक्टर उबैद कमाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
डॉ अर्चना सिंह एवं विनायक शुक्ला ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया
उद्घाटन मैच के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि एडीसीपी कानपुर नगर डॉ अर्चना सिंह एवं उपकप्तान ओमान टीम विनायक शुक्ला ने विजेता और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए दोनों अतिथियों ने खेल भावना, अनुशासन और निरंतर मेहनत के महत्व पर जोर दिया। डॉ. अर्चना सिंह ने खेलों को युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने जेएनटी स्पोर्ट्स वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा जमीनी स्तर पर बच्चों को खेलों से जोड़ने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देते हैं। वहीं, विनायक शुक्ला ने कहा कि जिस मंच पर कभी वे एक खिलाड़ी के रूप में मैदान में उतरा करते थे, आज उसी आयोजन में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित होना उनके लिए बेहद भावुक और अविस्मरणीय अनुभव है। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और अपने सपनों पर विश्वास बनाए रखने का संदेश दिया। विनायक मूल रूप से कानपुर से हैं, अपने व्यावसायिक दायित्वों के चलते ओमान गए, लेकिन क्रिकेट के प्रति उनके जुनून और समर्पण ने उन्हें ओमान क्रिकेट टीम का उपकप्तान बना दिया। वे WT20 2026 का भी हिस्सा रहे हैं। अपने शुरुआती दिनों में विनायक शुक्ला स्वयं जेएनटी के जूनियर स्तर के क्रिकेट टूर्नामेंट्स में खिलाड़ी के रूप में भाग ले चुके हैं।