- प्रदेश स्तरीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में 600 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया भाग
कानपुर, 10 मई।
उत्तर प्रदेश रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा रविवार को आगरा में आयोजित प्रदेश स्तरीय रोलर स्केटिंग मैराथन प्रतियोगिता में कानपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से लगभग 600 से 700 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें कानपुर के स्केटर्स ने भी विभिन्न वर्गों में दमदार उपस्थिति दर्ज कराई।
11, 15 और 5 किलोमीटर रेस में दिखाया दम
प्रतियोगिता में कानपुर के खिलाड़ियों ने 5 किलोमीटर, 11 किलोमीटर और 15 किलोमीटर की मैराथन रेस में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने क्वॉड स्केटिंग और इनलाइन स्केटिंग दोनों कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
बालक और बालिका खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान
कानपुर महानगर से प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों में आर्यन, केतन, रुद्रांशा, वत्स, आयुष, रुद्रांश, अमायरा, शन्वी, तापसी, भार्गवी, आराध्या, वेदांस, माधव, इवांश, धनविन, आध्या, आख्या, कियान, ग़ीयांश, अस्तित्व यादव, अलौकिक श्रीवास्तव, आईरा मनहोत्रा, आनाया सिंह और अश्विन सिंह सहित कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों के उत्साह और प्रदर्शन की सराहना प्रतियोगिता में मौजूद खेल प्रेमियों ने भी की।
अभिभावकों और कोऑर्डिनेटर्स ने बढ़ाया हौसला
इस अवसर पर कानपुर से पहुंचे अभिभावकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। वहीं कानपुर शहर के रोलर स्केटिंग कोऑर्डिनेटर कुलदीप कुमार, मनदीप कुमार, अर्जुन सिंह, आदित्य यादव और राहुल भदोरिया ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया।