- प्रथम केवला देवी स्मारक टी-20 प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, रोमांचक मुकाबलों में दर्ज हुई जीत
कानपुर, 7 मई।
के सी ए से आबद्ध एवं नेशनल यूथ क्लब द्वारा आयोजित प्रथम केवला देवी स्मारक टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत राष्ट्रीय क्रिकेट मैदान पर खेले गए मुकाबलों में खेरापति एथलेटिक्स और राइडर्स क्लब ने शानदार जीत दर्ज की।
खेरापति एथलेटिक्स ने 9 विकेट से रौंदा बी०सी०ए०
पहले मैच में बी०सी०ए० की टीम बल्लेबाजी में पूरी तरह संघर्ष करती नजर आई और 15.1 ओवरों में मात्र 81 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से प्रीत भाटी ने सर्वाधिक 26 रन बनाए। खेरापति एथलेटिक्स की तरफ से लव पाण्डे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 7 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। देवांश श्रीवास्तव ने 3 विकेट और देव मतलानी ने 2 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी को धराशायी कर दिया।
जवाब में खेरापति एथलेटिक्स ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 4.5 ओवरों में 1 विकेट खोकर 85 रन बनाकर मुकाबला 9 विकेट से जीत लिया। विराट सिंह ने ताबड़तोड़ अंदाज में 53 रनों की शानदार पारी खेली। बी०सी०ए० की ओर से अक्षत शुक्ला को एक विकेट मिला। शानदार गेंदबाजी के लिए लव पाण्डे को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
अमन सिंह की तूफानी पारी से राइडर्स क्लब विजयी
दूसरे मुकाबले में नेशनल यूथ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 176 रन बनाए। दिव्यांशु पाण्डे ने 73 रन और सचिन पटेल ने 53 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि अभिषेक ने 24 रन बनाए। राइडर्स क्लब की ओर से आदित्य सिंह ने 4 विकेट, अमन सिंह और मोहम्मद रहमान ने 2-2 विकेट हासिल किए।
177 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए राइडर्स क्लब ने रोमांचक मुकाबले में 19.3 ओवरों में 8 विकेट पर 180 रन बनाकर 2 विकेट से जीत दर्ज की। अमन सिंह ने नाबाद 75 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। सचिन रावत ने 26 रन और अभय सिंह ने 20 रनों का योगदान दिया। नेशनल यूथ की ओर से अभिषेक ने 2 विकेट लिए। शानदार गेंदबाजी के लिए अमन सिंह को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।