- वीर वेदांत की शानदार 91 रनों की पारी और अमृत सचान की घातक गेंदबाजी से किंग्स क्लब पर 123 रनों की बड़ी जीत
कानपुर, 7 मई।
के सी ए से आबद्ध एवं सदर्न क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित द्वितीय सैमुअल बाली एण्ड बक्को देवी क्रिकेट प्रतियोगिता में आर०पी०सी०ए० मैदान पर खेले गए मुकाबले में स्काई क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए किंग्स क्लब को 123 रनों से हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए स्काई क्लब ने निर्धारित 35 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 262 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से वीर वेदांत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 91 रन बनाए। अनुरुद्ध सिंह और अमृत सचान ने 30-30 रनों का महत्वपूर्ण योगदान देकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। किंग्स क्लब की ओर से रूद्रांश ने 45 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
263 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग्स क्लब की टीम स्काई क्लब के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 24.3 ओवरों में मात्र 89 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से अतुल कुमार ने सर्वाधिक 16 रन बनाए।
स्काई क्लब की ओर से अमृत सचान ने घातक गेंदबाजी करते हुए मात्र 7 रन देकर 5 विकेट झटके और विपक्षी बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी। अभय प्रताप ने 2 विकेट और माधव गुप्ता ने भी 2 विकेट हासिल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
इस शानदार जीत के साथ स्काई क्लब ने प्रतियोगिता के क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।