- के०डी०एम०ए० क्रिकेट लीग में बल्लेबाजों और गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन, दोनों मुकाबले रहे रोमांच से भरपूर
कानपुर, 7 मई।
द्वारा आयोजित के०डी०एम०ए० क्रिकेट लीग के अंतर्गत खेले गए दो मुकाबलों में पी०ए०सी० क्लब और विनर्स क्लब ने शानदार जीत दर्ज की। दोनों मैचों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
पी०ए०सी० क्लब ने 3 विकेट से दर्ज की जीत
पी०ए०सी० मैदान पर खेले गए मुकाबले में तरुण क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवरों में 225 रन बनाए। टीम की ओर से मो० शारिम ने 65 रन, तनुष राठौर ने 62 रन, अभिषेक शाक्य ने 35 रन तथा अविरल शुक्ला ने 24 रनों का योगदान दिया। पी०ए०सी० क्लब की ओर से विनायक सिंह ने 3 विकेट तथा आनन्द दुबे ने 2 विकेट हासिल किए।
जवाब में पी०ए०सी० क्लब ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 24.3 ओवरों में 226 रन बनाकर मुकाबला 3 विकेट से जीत लिया। टीम की ओर से आदित्य पांडे ने शानदार 53 रन बनाए, जबकि विनायक सिंह ने 47 रन और संदीप मित्तल ने 36 रनों की उपयोगी पारी खेली। तरुण क्लब की ओर से मो० शारिम और शौर्य गुप्ता ने 2-2 विकेट लिए।
विनर्स क्लब ने 2 विकेट से जीता मुकाबला
कानपुर साउथ-ए मैदान पर खेले गए दूसरे मैच में खाण्डेकर क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 25 ओवरों में 8 विकेट पर 137 रन बनाए। टीम की ओर से राहुल सिंह ने 42 और हर्षि सिंह ने 25 रन बनाए। विनर्स क्लब की ओर से मिशन अब्बास ने 3 विकेट, जबकि अखिलेश निषाद और कृष्णा मिश्रा ने 2-2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए विनर्स क्लब ने 22 ओवरों में 8 विकेट खोकर 141 रन बनाते हुए मुकाबला 2 विकेट से अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से प्रांजल शुक्ला ने 48 रन और आशुतोष ने 44 रनों का योगदान दिया। खाण्डेकर क्रिकेट एकेडमी की ओर से राहुल सिंह ने 4 और सुमित यादव ने 3 विकेट लेकर संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।