कानपुर के कोच सत्येंद्र सिंह यादव का नेशनल कोच ट्रेनिंग प्रोग्राम में चयन

 

  • स्पेशल ओलंपिक्स भारत के अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण में 26 से 30 अप्रैल तक ग्वालियर में लेंगे भाग

 

कानपुर, 24 अप्रैल 2026।

शहर के लिए गर्व का क्षण है कि अनुभवी कोच सत्येंद्र सिंह यादव का चयन स्पेशल ओलंपिक्स भारत द्वारा आयोजित नेशनल कोच ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए किया गया है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 26 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक सेंटर फॉर डिसएबिलिटी स्पोर्ट्स (सीडीएस), ग्वालियर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर के चयनित कोच भाग लेंगे।

अंतरराष्ट्रीय मानकों पर होगा प्रशिक्षण

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय मानकों पर आधारित है, जिसमें बोची, एथलेटिक्स, फुटबॉल और फुटसल जैसे खेलों के साथ-साथ स्पेशल ओलंपिक्स के नियमों एवं समावेशी कोचिंग पद्धतियों का गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सत्येंद्र सिंह यादव राष्ट्रीय स्तर के प्रमाणित कोच के रूप में कार्य करने के पात्र हो जाएंगे।

शहर और राज्य के दिव्यांग खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ

कोच सत्येंद्र सिंह यादव द्वारा प्राप्त यह उन्नत प्रशिक्षण न केवल उनके विद्यालय बल्कि पूरे शहर और प्रदेश के दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। इससे स्थानीय स्तर पर खेलों का स्तर राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित होगा और खिलाड़ियों को बेहतर मार्गदर्शन मिल सकेगा।

विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों ने दी बधाई

उनके चयन पर स्पेशल ओलंपिक्स भारत के मुख्य अधिशासी अधिकारी स्टीफन पी.डी., संयुक्त मुख्य अधिशासी अधिकारी कल्लूल हजारिका, उपाध्यक्ष लखन लाल ओमर, ऑफिस सुपरिटेंडेंट वंदना सिन्हा, प्रधानाचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल, सीनियर फिजियोथैरेपिस्ट सुब्रतो भद्रा, स्पेशल ओलंपिक्स भारत उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मुकेश शुक्ला, एरिया डायरेक्टर संजीव दोहरे सहित कानपुर क्रीड़ा भारती से जुड़े आशुतोष, सत्यम झा, सुनील सिंह, केशव द्विवेदी, कमलेश यादव, सौरभ श्रीवास्तव और गगन बाजपेई ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच

यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि इससे कानपुर में खेल संस्कृति को भी मजबूती मिलेगी। प्रशिक्षित कोच के रूप में उनकी भूमिका भविष्य में नई प्रतिभाओं को तराशने और दिव्यांग खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करने में अहम साबित होगी।

Leave a Comment