- कानपुर की स्टार पावर लिफ्टर तनु शुक्ला को गोल्ड जिम, मुंबई ने स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन में सर्टिफाइड किया
- कानपुर में अपना खुद का जिम ” स्टूडियो फ्लेक्स फिटज़ट्स”चला रहीं हैं एडवांस पर्सनल ट्रेनर तनु शुक्ला
कानपुर, 23 अप्रैल :
तनु शुक्ला ने नारी सशक्तिकरण का नायाब उदाहरण प्रस्तुत करते हुए पावर लिफ्टिंग में वो मुकाम हासिल कर लिया है जो हर लड़की का सपना होता है। कानपुर में अपना खुद का जिम ” स्टूडियो फ्लेक्स फिटज़ट्स” चला रहीं तनु शुक्ला के नाम एक और उपलब्धि शामिल हो गई है। 15 मार्च को गोल्ड जिम, मुंबई ने उनको स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन में सर्टिफाइड किया है। बहुत ही प्रतिभावान स्टार एथलीट ने विशेष बातचीत में उन्होंने डिहाइड्रेशन से बचाव और चोट के बाद रिकवरी करने के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए। पावर लिफ्टर, स्पोर्ट्स न्यूट्रिशनिस्ट एवं एडवांस पर्सनल ट्रेनर तनु शुक्ला ने बताया कि हमारे शरीर के सही तरीके से काम करने के लिए पानी बहुत जरूरी है। डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी) से थकान, चक्कर, मांसपेशियों में खिंचाव और कमजोरी हो सकती है। वहीं, चोट लगने के बाद सही रिकवरी न करने से समस्या बढ़ सकती है।

दिनभर थोड़ा-थोड़ा पानी पीना जरूरी
नियमित रूप से पानी पीना चाहिए। प्यास लगने का इंतजार न करें। दिनभर थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें। सही मात्रा में पानी पीना चाहिए। एक सामान्य नियम के अनुसार, रोजाना अपने शरीर के वजन के प्रति किलो पर लगभग 30 से 35 मिलीलीटर पानी पीना चाहिए। गर्मी या एक्सरसाइज में यह मात्रा बढ़ सकती है। पानी से भरपूर भोजन को खाना चाहिए जैसे खीरा, तरबूज, संतरा, स्ट्रॉबेरी और सलाद जैसी चीजें शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती हैं। वर्कआउट के दौरान हाइड्रेशन की रिकवरी जरूरी है। एक्सरसाइज से पहले, दौरान और बाद में पानी जरूर पिएं ताकि पसीने से खोया हुआ पानी वापस मिल सके। अपने शरीर के संकेत को समझना चाहिए। अगर पेशाब का रंग हल्का पीला है तो शरीर हाइड्रेटेड है, और अगर गहरा पीला है तो पानी की कमी है। इसके अलावा हमेशा पानी की बोतल साथ रखें। समय-समय पर पानी पीने की आदत बनाएं। ज्यादा कैफीन और शराब से बचें। अपने शरीर की जरूरत को समझें।
चोट के बाद जल्दी रिकवरी के महत्वपूर्ण टिप्स
आराम करना भी बहुत जरूरी: शरीर को ठीक होने का समय दें। जल्दबाजी में वर्कआउट करने से चोट बढ़ सकती है। हमेशा सही पोषण लेना चाहिए : प्रोटीन, हेल्दी फैट्स, विटामिन और मिनरल्स से भरपूर डाइट लें ताकि मांसपेशियां जल्दी रिपेयर हो सकें। दर्द और सूजन को नियंत्रित करने की जरूरत : आइस, कंप्रेशन और एलिवेशन का उपयोग करें। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह लें। रिहैब और एक्सरसाइज : डॉक्टर या ट्रेनर के निर्देशानुसार हल्की स्ट्रेचिंग और एक्सरसाइज करें ताकि ताकत वापस आ सके। सकारात्मक सोच रखना चाहिए : रिकवरी में समय लगता है। धैर्य रखें और नियमित रूप से प्रयास करते रहें। सही समय पर डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए :अगर दर्द बढ़ रहा हो, सूजन कम न हो रही हो या सुन्नपन महसूस हो रहा हो, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।हाइड्रेशन और सही रिकवरी आपके स्वास्थ्य और फिटनेस का आधार हैं। रोजाना पर्याप्त पानी पीना और चोट के बाद सही देखभाल करना आपको जल्दी स्वस्थ बनने में मदद करता है।