- ‘धरतीमाता करे पुकार’ के नारों के बीच छात्रों ने लिया पर्यावरण बचाने का संकल्प, इको क्लब की पहलें बनीं आकर्षण
लखनऊ, 22 अप्रैल 2026।
शीलिंग हाउस स्कूल में विश्व पृथ्वी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। “धरतीमाता करे पुकार, हरा-भरा कर दो संसार” और “धरती का जीवन है अनमोल” जैसे नारों के साथ आयोजित कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय वैश्विक समुदाय के साथ जुड़कर पृथ्वी संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाने का हिस्सा बना।

वृक्षारोपण और शपथ के साथ संरक्षण का संकल्प
कार्यक्रम के तहत प्रधानाचार्या वनिता मेहरोत्रा, इको क्लब के अध्यापकों और आंतरिक समिति के सदस्यों ने वृक्षारोपण किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बढ़ते औद्योगीकरण के बीच प्रकृति का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है और प्रत्येक व्यक्ति को इसके प्रति जागरूक होना होगा। उन्होंने छात्रों को ऊर्जा और जल संरक्षण के साथ पॉलिथीन का उपयोग न करने की सलाह दी।

विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने दिया संदेश
कार्यक्रम में छात्रों ने हरे गुब्बारे उड़ाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। “This is Our Earth” गीत, नुक्कड़ नाटिका, प्रश्नोत्तरी, स्लोगन और पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश फैलाया।
इको क्लब की पहलें बनीं मिसाल
इको क्लब की प्रमुख शिवानी अग्रवाल ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए छात्रों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया। विद्यालय द्वारा किए जा रहे कार्यों में पुरानी पुस्तकों का पुनः उपयोग, “मेरा कचरा, मेरी जिम्मेदारी” अभियान के तहत प्लास्टिक रिसाइक्लिंग, एसी और बोतलों के जल का पुनः उपयोग तथा रिसाइकिल कचरे से बेंच बनाना शामिल है।
भविष्य की योजनाओं में रेनवॉटर हार्वेस्टिंग
विद्यालय प्रबंधन द्वारा भविष्य में वर्षा जल संचयन (Rainwater Harvesting) की योजना भी बनाई जा रही है, जिससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और समाज को प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम में विद्यालय के पूर्व छात्र शाश्वत खन्ना ने प्रेरक वक्ता के रूप में छात्रों को संबोधित करते हुए पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। छात्र समिति अध्यक्ष आरूष बाजपेई ने भी जल और ऊर्जा संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, एन. अस्थाना, सी. भाटिया, ए. विजयवर्गीय, ए.एस. बजोरिया, एम. अग्रवाल और एस. चड्डा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।