- सप्रू मैदान पर खेले गए रोमांचक मुकाबलों में जीटीबी वारियर्स ने 3 विकेट से और ब्लू वारियर्स ने 65 रनों से दर्ज की जीत
- केडीएमए लीग के जूनियर डिवीजन में कैंपस आईआईटी क्लब ने 41 रनों से मारी बाजी
कानपुर 19 अप्रैल।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित कानपुर क्रिकेट लीग (CCL-T-20) के अंतर्गत सप्रू मैदान पर खेले गए दो मुकाबलों में जी.टी.बी. वारियर्स और ब्लू वारियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। वहीं के.डी.एम.ए. लीग के जूनियर डिवीजन में कैंपस आईआईटी क्लब ने अशोका ज्योति क्लब को हराकर महत्वपूर्ण अंक हासिल किए।
पहले मुकाबले में कानपुर वारियर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट पर 154 रन बनाए। टीम की ओर से सौरभ गुप्ता ने 45, गुरविंदर ने 33 और हिमांशु ने 32 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में वैभव शुक्ला ने 3 विकेट लेकर प्रभावी प्रदर्शन किया, जबकि शेख मुश्ताक ने 2 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जी.टी.बी. वारियर्स की टीम ने 18.5 ओवरों में 7 विकेट खोकर 155 रन बनाकर मैच 3 विकेट से अपने नाम कर लिया। अब्दुल रहमान ने 39 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि अभिषेक (27), शेख मुश्ताक (23) और अभिनव (21) ने टीम को जीत तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। अब्दुल रहमान को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

दूसरे मुकाबले में ब्लू वारियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 152 रन बनाए। त्रिभुवन दीक्षित (46), राहुल सिंह (32) और हसीन अहमद (नाबाद 44) ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में मेटाडोर फोम इलेवन की पूरी टीम 15.4 ओवरों में मात्र 87 रन पर सिमट गई। आशीष बाजपेई (26) और प्रशांत (नाबाद 15) ही कुछ संघर्ष कर सके। ब्लू वारियर्स के लिए दिनेश यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके। इस जीत में हसीन अहमद को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
के.डी.एम.ए. लीग में कैंपस आईआईटी क्लब हावी

वहींके.डी.एम.ए. लीग के जूनियर डिवीजन में आईआईटी मैदान पर खेले गए मुकाबले में कैंपस आईआईटी क्लब ने अशोका ज्योति क्लब को 41 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कैंपस आईआईटी की टीम 28.5 ओवरों में 96 रन पर ऑल आउट हो गई। भास्कर तिवारी (18) और गौरव (16) ने अहम योगदान दिया। अशोका ज्योति क्लब की ओर से सुयश साहू, ललित, अनिकेश श्रीवास्तव और आदित्य ने 2-2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अशोका ज्योति क्लब की टीम 16 ओवरों में मात्र 55 रन पर सिमट गई। प्रियंशु गुप्ता ने सर्वाधिक 19 रन बनाए। कैंपस आईआईटी की सधी हुई गेंदबाजी के सामने विपक्षी टीम टिक नहीं सकी। इस जीत के साथ कैंपस आईआईटी क्लब ने 5 अंक अर्जित किए