राइडर्स, रोवर्स, बीवीएस, ग्लोरी व कानपुर ईगलेट्स विजयी

 

 

 

  • केडीएमए क्रिकेट लीग में शानदार प्रदर्शन, लविश-घनश्याम के अर्धशतक और देवांश की घातक गेंदबाजी

 

कानपुर 17 अप्रैल।

कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन द्वारा आयोजित केडीएमए क्रिकेट लीग के अंतर्गत शुक्रवार को खेले गए पांच मुकाबलों में राइडर्स क्लब, रोवर्स क्लब, बीवीएस, ग्लोरी और कानपुर ईगलेट्स ने जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में दमखम दिखाया।

पहले मुकाबले में पीएसी मैदान पर राइडर्स क्लब ने जेडी क्लब को 7 विकेट से हराया। जेडी क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 149 रन बनाए। जवाब में राइडर्स क्लब ने 16.2 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। लविश श्रीवास्तव ने शानदार 80 रन की पारी खेली। वहीं, शाश्वत बन्दोह ने नाबाद 52 रन बनाए।

दूसरे मैच में कानपुर साउथ-ए मैदान पर रोवर्स क्लब ने खाण्डेकर क्रिकेट एकेडमी को 30 रन से पराजित किया। रोवर्स क्लब ने 247/9 का बड़ा स्कोर खड़ा किया, जिसमें घनश्याम उपाध्याय ने 84 रन बनाए जबकि रोहित यादव ने नाबाद 51 रन जोड़े। जवाब में खाण्डेकर एकेडमी 217 रन पर सिमट गई। देवांश ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके।

तीसरे मुकाबले में रामलखन भट्ट मैदान पर बीवीएस ने फ्रेंड्स स्पोर्टिंग को 6 विकेट से हराया। फ्रेंड्स स्पोर्टिंग की टीम 33.3 ओवरों में 127 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से भानू प्रताप सिंह ने 42 रन और अनन्त शुक्ला ने 35 रन की उपयोगी पारी खेली। बीवीएस की ओर से शुभम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 32 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि युवराज सिंह ने 10 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बीवीएस की टीम ने 19.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 128 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। बल्लेबाजी में आदित्य सिंह ने 25 रन और अंश चौधरी ने 20 रन का योगदान दिया, जिससे टीम को आसान जीत मिली।

सप्रू मैदान पर खेले गए मैच में वन्डर वूमैन की टीम 40 ओवर में 9 विकेट खोकर 118 रन ही बना सकी। टीम की ओर से नेहा वर्मा ने नाबाद 27 रन और भावी सिंह पटेल ने 13 रन का योगदान दिया। ग्लोरी क्लब की ओर से विराट गुप्ता ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 11 रन देकर 4 विकेट झटके। जवाब में ग्लोरी क्लब ने मात्र 22.5 ओवर में 1 विकेट खोकर 119 रन बनाकर मुकाबला 9 विकेट से अपने नाम कर लिया। 

पीएसी मैदान पर कानपुर ईगलेट्स ने कानपुर स्पोर्टिंग यूनियन को 32 रन से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कानपुर ईगलेट्स की टीम 28.5 ओवर में 191 रन पर ऑल आउट हो गई। राजवीर सिंह (46), विनय गुप्ता (33), उत्कर्ष यादव (31) और सत्यप्रकाश (25) ने महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। गेंदबाजी में अमित वर्मा और आशीष निषाद ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि शिवम शुक्ला को 2 विकेट मिले। लक्ष्य का पीछा करते हुए कानपुर स्पोर्टिंग यूनियन की टीम 33 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन ही बना सकी। क्वांटम सचान (40), हर्षित गौतम (35) और हार्दिक मिश्र (25) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। कानपुर ईगलेट्स की ओर से विशाल चौहान ने 31 रन देकर 4 विकेट झटके।

 

Leave a Comment