कानपुर मंडल की टीम फाइनल में, सेमीफाइनल में गोरखपुर को 3-1 से हराया

 

 

  • अंडर-20 स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप ‘मो. शमसुद्दीन बाबू भाई ट्रॉफी’ में शानदार प्रदर्शन
  • प्री-क्वार्टर और क्वार्टर में 5-0 से दर्ज की थी जीत
  • सेमीफाइनल में तनय शुक्ला के दो गोल, रोहित सिंह का अहम योगदान
  • खिताबी मुकाबले में आजमगढ़ से होगा सामना

 

कानपुर, 17 अप्रैल।

मुरादाबाद में 13 अप्रैल से खेली जा रही अंडर-20 स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप ‘मो. शमसुद्दीन बाबू भाई ट्रॉफी’ में कानपुर मंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल मुकाबले में कानपुर ने गोरखपुर को 3-1 से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया।

मैच में कानपुर की ओर से तनय शुक्ला ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए दो गोल दागे, जबकि रोहित सिंह ने एक गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। पूरे मैच के दौरान कानपुर टीम का आक्रमण मजबूत और संतुलित नजर आया।

इससे पहले भी कानपुर टीम ने टूर्नामेंट में एकतरफा प्रदर्शन किया। प्री-क्वार्टर फाइनल में देवीपाटन को 5-0 से हराया, वहीं क्वार्टर फाइनल में बस्ती को भी 5-0 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।

अब फाइनल मुकाबले में कानपुर का सामना आजमगढ़ की टीम से होगा, जिसमें दोनों ही टीमें खिताब जीतने के लिए पूरा दमखम लगाएंगी। कानपुर टीम के लगातार शानदार प्रदर्शन से खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

Leave a Comment