कानपुर में कॉस्को बैडमिंटन चैंपियनशिप के मुकाबले शुरू, कई खिलाड़ी क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

 

 

 

  • ग्रीन पार्क में चल रही प्रतियोगिता में अंडर-13 से अंडर-19 तक के मैच, विजेताओं को राज्य स्तर पर मिलेगा मौका

 

कानपुर, 03 अप्रैल।

ग्रीन पार्क स्टेडियम स्थित बैडमिंटन हॉल में आयोजित प्रथम कॉस्को कानपुर बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में शुक्रवार को खेले गए मुकाबलों में कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

बालक वर्ग के अंडर-17 में नील गोपाकुमार ने अथर्व खन्ना को 30-19 से, हर्ष शुक्ला ने अर्जुन सिंह को 30-17 से तथा रुद्र लुथरा ने अर्पित गुप्ता को 30-28 से पराजित कर अंतिम आठ में प्रवेश किया। अंडर-13 वर्ग में शौर्यवर्धन गुप्ता ने युवल राठौर को 30-24 से, वनिज गुप्ता ने कुशाग्र पटेल को 30-15 से, अविरल पटेल ने यथार्थ अहूजा को 30-19 से, विराज उपाध्याय ने तनुष रेड्डी को 30-23 से, जयनील रावत ने अपूर्व मिश्रा को 30-26 से, वत्सल शुक्ला ने कौशल कुमार को 30-26 से तथा अनीष ने सौरांश गुप्ता को 30-15 से हराकर क्वार्टर फाइनल में स्थान बनाया।

बालिका वर्ग के अंडर-15 में अलीशबा आरिफ ने कृतिका श्रीवास्तव को 30-15 से, नितिका भाटिया ने गौरी वर्मा को 30-11 से, अंशिका गुप्ता ने चैतन्य बाजपेयी को 30-13 से तथा तुहा फातिमा ने हरमन कौर को 30-25 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में आरल द्विवेदी ने अवनी गुप्ता को 30-11 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन एवं खेल निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर सिंह एवं एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. ए.के. अग्रवाल ने किया। प्रतियोगिता में अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

सचिव डी.पी. सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों का चयन आगामी सत्र 2026-27 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा। सभी मुकाबले कॉस्को प्लैटिनम फेदर शटल से खेले जा रहे हैं तथा फिक्सचर और परिणाम आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

प्रतियोगिता के दौरान सौरभ श्रीवास्तव, आशुतोष, सत्यम झा, आशीष गौड़, अरुण दुबे, इरशाद अहमद, माधव पांडे, कमलेश यादव, गगन बाजपेयी, ज्योति शर्मा व शैफाली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment