कानपुर, 31 मार्च।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन द्वारा आयोजित के०डी०एम०ए० क्रिकेट लीग के अंतर्गत खेले गए मुकाबलों में साउथ जिमखाना क्लब, राइडर्स क्लब एवं स्टार क्रिकेट क्लब ने अपने-अपने मैच जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
पहले मैच में कानपुर साउथ मैदान पर साउथ जिमखाना क्लब ने सुपीरियर स्पिरिट पर 5 विकेट से जीत दर्ज की। सुपीरियर स्पिरिट ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर में 8 विकेट पर 275 रन बनाए। जय प्रकाश गुप्ता ने 81 और उत्कर्ष मौर्य ने 45 रन बनाए। रितेश ने 33, कुंवर शिवम सिंग ने 29, कुमार अभिनव ने 25 रन का योगदान दिया। जवाब में साउथ जिमखाना क्लब ने 34 ओवर में 5 विकेट खोकर 276 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। राहुल यादव ने शानदार नाबाद 120 रन बनाए, जबकि अर्पित अवस्थी ने 69 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।
दूसरे मैच में चन्द्रा मैदान पर राइडर्स क्लब ने स्पार्क पर 4 विकेट से जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्पार्क क्लब ने 9 विकेट पर 209 रन बनाए, जिसमें आयुष कुमार प्रजापति ने 68 रन नाबाद बनाए, जबकि शिवांश त्रिपाठी ने 3 विकेट झटके। जवाब में राइडर्स क्लब ने 26.4 ओवर में 6 विकेट पर 213 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। लविश श्रीवास्तव ने 60 रन, अभय सिंह ने 40 रन और शाश्वत बंदोह ने 36 रन का योगदान दिया।
तीसरे मैच में जेम्स मैदान पर स्टार क्रिकेट क्लब ने एकतरफा मुकाबले में गोल्डन स्पोर्टिंग क्लब को 200 रनों से हराया। स्टार क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 303 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसमें वैदिक दीक्षित ने 141 रन और ऋषभ गुप्ता ने 106 रन की शानदार पारियां खेलीं। जवाब में गोल्डन स्पोर्टिंग क्लब की टीम 103 रन पर सिमट गई। गेंदबाजी में हर्षित ने 3 और गोविंद गुप्ता ने 2 विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
इन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर लीग को रोमांचक बना दिया।