आईसीएसई स्कूल नेशनल में यूथ आर्चरी अकादमी के तीरंदाजों का शानदार प्रदर्शन

 

 

  • 12 खिलाड़ियों ने किया प्रतिभाग, 9 पदक जीते; पहली बार नेशनल खेलने वाले जय कुमार ने सर्वाधिक स्कोर के साथ जीता स्वर्ण

 

कानपुर, 30 सितंबर।

आईसीएसई बोर्ड की स्कूल नेशनल तीरंदाजी चैम्पियनशिप में किदवई नगर स्थित यूथ आर्चरी अकादमी एवं क्रीड़ा केन्द्र के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कानपुर का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में अकादमी के 12 बालक-बालिकाओं ने विभिन्न आयु वर्ग एवं स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया और कुल 9 पदक—एक स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य पदक हासिल किए।

पहली बार नेशनल में उतरे जय कुमार ने जीता स्वर्ण

अंडर-14 इंडियन राउंड बालक वर्ग में अकादमी के जय कुमार ने अपने करियर की पहली स्कूल नेशनल चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले जय कुमार स्कूल स्टेट चैम्पियनशिप में भी स्वर्ण पदक हासिल कर चुके हैं। लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्णिम सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और नियमित प्रशिक्षण को दर्शाती है।

विदुषी ने जीते तीन रजत, रत्नम के खाते में तीन कांस्य

अंडर-19 इंडियन राउंड बालिका वर्ग में अकादमी की विदुषी शुक्ला ने शानदार निशानेबाजी करते हुए तीन रजत पदक अपने नाम किए। इसी वर्ग में रत्नम दीक्षित ने तीन कांस्य पदक हासिल किए। अंडर-19 कंपाउंड बालिका वर्ग में रीतिका सिंह ने कांस्य पदक जीतकर अकादमी की पदक संख्या में इजाफा किया।

बालक वर्ग में भी खिलाड़ियों ने छोड़ी छाप

अंडर-14 कंपाउंड बालक वर्ग में पहली बार स्कूल नेशनल में प्रतिभाग करने वाले अंश सरोज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 रिकर्व बो बालक वर्ग में विधु राज केसरवानी ने कांस्य पदक जीता। वहीं अंडर-17 इंडियन राउंड बालक वर्ग में सूर्यांश गुप्ता चौथे स्थान पर रहे।

आंध्र प्रदेश और कोलकाता में हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं

बालिका वर्ग की आईसीएसई स्कूल नेशनल चैम्पियनशिप 17 से 19 सितंबर 2026 तक द फ्यूचर किड्स स्कूल, आंध्र प्रदेश में आयोजित हुई। वहीं बालक वर्ग की प्रतियोगिता 23 से 25 सितंबर 2026 तक द हेरिटेज स्कूल, कोलकाता में हुई।

2017 से खिलाड़ियों को मिल रहा व्यवस्थित प्रशिक्षण

यूथ आर्चरी अकादमी वर्ष 2017 से खिलाड़ियों को तीरंदाजी का व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान कर रही है। अकादमी में इंडियन राउंड, रिकर्व और कंपाउंड विधाओं में तकनीकी प्रशिक्षण के साथ नियमित अभ्यास, फिटनेस, मानसिक एकाग्रता और प्रतियोगिता आधारित तैयारी कराई जाती है। अकादमी के खिलाड़ी लगातार जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

अब एसजीएफआई प्रतियोगिता पर नजर

आईसीएसई स्कूल नेशनल में चयनित खिलाड़ी अब दिसंबर 2026 में अमरावती में होने वाली एसजीएफआई तीरंदाजी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद खिलाड़ियों की नजर आगामी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने पर है।

खिलाड़ियों की उपलब्धि पर जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष श्रेयांश कपूर, महासचिव राजा भरत अवस्थी, सह-सचिव संदीप कुमार पासवान, शैलेश कुमार एवं मौसमी साहू तथा यूथ आर्चरी अकादमी के कोच संदीप कुमार पासवान एवं शिव असरे ने बधाई और शुभकामनाएं दीं। प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय नियमित अभ्यास, अनुशासन और कठिन परिश्रम को दिया।

Leave a Comment