- अंडर-15 बालिका वर्ग शतरंज चयन प्रतियोगिता संपन्न, वैदिक धर्म सभा गोविंद नगर में हुई प्रतियोगिता, चार राउंड में तय हुए विजेता
कानपुर, 20 मार्च।
कानपुर चेस एसोसिएशन के तत्वावधान में अंडर-15 बालिका वर्ग की चयन शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय वैदिक धर्म सभा, गोविंद नगर में किया गया। प्रतियोगिता में कुल 17 बालिकाओं ने भाग लिया और चार राउंड तक चले मुकाबलों के बाद विजेताओं का चयन किया गया।

प्रतियोगिता में अनन्या अवस्थी (वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर, किदवई नगर) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3.5 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं स्वास्तिका कुमारी (मरियमपुर सीनियर सेकेंडरी स्कूल) 3 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहीं। आद्या मिश्रा (बीएनएसडी शिक्षा निकेतन) ने 3 अंकों के साथ तृतीय स्थान हासिल किया, जबकि वी कनिषा (वी स्वरूप, जाजमऊ) 2.5 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहीं।
इस प्रतियोगिता में मात्र 5 वर्षीय अक्षिता तिवारी ने भी अपने खेल से सभी को प्रभावित किया। चयनित चारों खिलाड़ी अब अंडर-15 राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में कानपुर जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रतियोगिता के उपरांत चीफ ऑर्बिटर बाल गोविंद अवस्थी ने विजेताओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के सचिव दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों का प्रवेश शुल्क और यात्रा भत्ता कानपुर चेस एसोसिएशन द्वारा वहन किया जाएगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 24 व 25 मार्च को डीपीएस सीतापुर में प्रस्तावित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता फिलहाल स्थगित कर दी गई है। नई तिथि घोषित होने पर सभी खिलाड़ियों को सूचित किया जाएगा।