- दि स्पोर्ट्स हब में आठवें बैच के लिए 14 मार्च से फॉर्म वितरण, 31 मार्च से होंगे ट्रायल
- 18 वर्ष से कम आयु के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं और अनुभवी प्रशिक्षकों से ट्रेनिंग
कानपुर, 13 मार्च।
कानपुर के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से दि स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में निःशुल्क खेल प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इस योजना के तहत 18 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के आठवें बैच के लिए पंजीकरण फॉर्म का वितरण 14 मार्च 2026 से शुरू होगा, जबकि फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 24 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। चयन प्रक्रिया के तहत खिलाड़ियों के ट्रायल 31 मार्च 2026 से आयोजित किए जाएंगे और चयनित खिलाड़ियों का नया प्रशिक्षण बैच 5 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगा।
इस योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा और खिलाड़ियों का चयन निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा। तीन महीने के प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में खिलाड़ियों को तकनीकी कौशल, फिटनेस और प्रतिस्पर्धात्मक खेल की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी।
पंजीकरण फॉर्म मुख्य कार्यकारी अधिकारी कार्यालय, कानपुर स्मार्ट सिटी, नगर आयुक्त कार्यालय कानपुर नगर निगम, सभी अंचल कार्यालयों तथा दि स्पोर्ट्स हब के कार्यालय से प्राप्त और जमा किए जा सकते हैं। आवेदन पत्र के साथ आयु प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र लगाना अनिवार्य होगा, अन्यथा आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।