तृप्ति और बबीता की शानदार साझेदारी से यूपीसीए की दमदार जीत

 

 

 

 

  • केरल को 10 विकेट से हराया, तृप्ति सिंह 70 और बबीता यादव 59 रन बनाकर नाबाद

 

कानपुर, 9 मार्च।

महिला क्रिकेट मुकाबले में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) की टीम ने केरल को एकतरफा मुकाबले में 10 विकेट से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए केरल की पूरी टीम 46.4 ओवर में 140 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।

केरल की ओर से अलीना एम.पी. ने 33 रन, दिया गिरीश ने 23 रन और मानसवी ने 18 रन का योगदान दिया। यूपी की गेंदबाजी के सामने केरल के बल्लेबाज टिक नहीं सके।

उत्तर प्रदेश की ओर से भूमि सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए। इसके अलावा सोनम यादव और संध्या छेत्री ने 2-2 विकेट लेकर केरल की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई।

141 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी की टीम ने बेहद सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए 26 ओवर में बिना विकेट खोए 141 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।

यूपी की ओर से त्रिप्ति सिंह ने 70 रन (नाबाद) की शानदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं बबीता यादव ने 59 रन (नाबाद) बनाकर उनका बेहतरीन साथ दिया। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए अटूट साझेदारी कर टीम को आसान जीत दिला दी।

इस जीत के साथ यूपीसीए की टीम ने प्रतियोगिता में मजबूत दावा पेश किया।

Leave a Comment