राष्ट्रीय पैरा साइक्लिंग में समीर का स्वर्णिम परचम

 

 

 

  • हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय रोड एवं ट्रैक चैम्पियनशिप में उत्तर प्रदेश के पैरा साइक्लिस्ट ने चार गोल्ड जीतकर रचा इतिहास
  • एमसी-4 कैटेगरी में 18 किमी रोड टाइम ट्रायल सहित ट्रैक की तीन स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन, प्रदेश में खुशी की लहर

 

कानपुर, 22 फरवरी।

19 एवं 20 फरवरी को Hyderabad, Telangana में आयोजित राष्ट्रीय रोड एवं ट्रैक साइक्लिंग चैम्पियनशिप में उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के मखियाली निवासी पैरा साइक्लिस्ट समीर ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण पदक अपने नाम कर प्रदेश का नाम रोशन किया।

समीर ने 18 किमी रोड इंडिविजुअल टाइम ट्रायल (एमसी-4 कैटेगरी) में 0:28:38.717 (लगभग 28 मिनट 38.717 सेकेंड) का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक जीता। कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच उनका यह प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट माना जा रहा है।

इसके साथ ही समीर ने ट्रैक स्पर्धाओं में भी अपना दबदबा कायम रखा। उन्होंने 1 किमी टाइम ट्रायल में 1:26.345 सेकेंड का समय देकर स्वर्ण पदक हासिल किया।

4 किमी इंडिविजुअल परसूट में 5:55.374 सेकेंड का समय निकालते हुए उन्होंने दूसरा स्वर्ण अपने नाम किया। वहीं 200 मीटर स्प्रिंट में 15.050 सेकेंड का शानदार समय दर्ज कर तीसरा ट्रैक गोल्ड जीतकर प्रतियोगिता में अपना वर्चस्व सिद्ध कर दिया।

चार स्वर्ण पदकों के साथ समीर का यह प्रदर्शन उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय बन गया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश साइक्लिंग संघ के चेयरमैन श्री धीरेन्द्र सिंह सचान (आईएएस), अध्यक्ष श्री राम सकल गुर्जर एवं महासचिव आर.के. गुप्ता ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

समीर की यह उपलब्धि न केवल प्रदेश बल्कि देश के पैरा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक साबित होगी।

Leave a Comment