- शीलिंग हाउस स्कूल जूनियर विंग में उल्लास और उत्साह के बीच हुआ आयोजन
- कविता, नृत्य और यादगार प्रस्तुतियों से अभिभावक हुए भावुक, बच्चों ने साझा किये स्कूल अनुभव
कानपुर, 20 फरवरी।
शीलिंग हाउस स्कूल जूनियर विंग में कक्षा प्रेप के विद्यार्थियों के लिए भव्य ग्रेजुएशन डे सेरेमनी का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती वनिता मेहरोत्रा, उपप्रधानाचार्या श्रीमती अलका माली तथा शीलिंगाइट्स की प्रधानाचार्या डॉ. हिमानी बक्शी की गरिमामयी उपस्थिति ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें नन्हे विद्यार्थियों ने कविता, नृत्य एवं मंच प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। अंग्रेजी कविता ‘किंडरगार्टन ग्रेजुएशन’ ने दर्शकों का विशेष रूप से मन मोह लिया और अभिभावकों ने बच्चों की प्रस्तुति पर जमकर तालियां बजाईं।
कक्षा प्रेप की छात्राओं कृधा, वेदिका एवं भविका ने मंच पर आकर अपने अब तक के स्कूल जीवन के अनुभव साझा किए, जिसने कार्यक्रम को भावनात्मक और यादगार बना दिया।
प्रधानाचार्या श्रीमती वनिता मेहरोत्रा एवं उपप्रधानाचार्या श्रीमती अलका माली ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने अभिभावकों को बच्चों के विकास में निरंतर सहयोग एवं उत्साहवर्धन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।