उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग संघ की आम सभा में 1.38 करोड़ का बजट प्रस्ताव पारित

 

 

 

2026-27 के लिए वार्षिक कैलेंडर जारी, अयोध्या में जल्द बॉक्सिंग रिंग स्थापना का आश्वासन

 

कानपुर/अयोध्या, 9 फरवरी।

उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग संघ की आम सभा का आयोजन आज अयोध्या स्थित सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल में किया गया। यह जानकारी संघ के महासचिव उपेंद्र पांडे ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी। सभा का संचालन निर्धारित एजेंडा के अनुसार किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश महासचिव उपेंद्र पांडे द्वारा प्रदेश अध्यक्ष विशाल गुप्ता को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने से हुई। इसके पश्चात अध्यक्ष विशाल गुप्ता ने विभिन्न जिलों से पधारे पदाधिकारियों का स्वागत किया।

बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए एक करोड़ अड़तीस लाख दस हजार रुपये के अनुमानित बजट का प्रस्ताव रखा गया। इस बजट में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली टीमों के खिलाड़ियों के आने-जाने के पूर्व आरक्षण, टीम किट, प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन, बॉक्सिंग खेल सामग्री की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक खर्चों को शामिल किया गया है। अध्यक्ष विशाल गुप्ता ने खिलाड़ियों और खेल के विकास हेतु हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक पाल ने जिलों में संगठन की इकाइयों को मजबूत करने का सुझाव दिया तथा अप्रैल माह के अंत में अपने विद्यालय में एक प्रतियोगिता आयोजित कराने की घोषणा की। बस्ती से आए प्रदेश सह सचिव रमाकांत पांडेय ने सितंबर माह में बस्ती में जूनियर पुरुष एवं महिला राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित कराने का आश्वासन दिया। वाराणसी के गोपाल शाही ने मई माह में सब-जूनियर वर्ग की प्रतियोगिता वाराणसी में कराने की बात कही। सह सचिव अभिषेक अग्रवाल ने संगठन में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

अध्यक्ष विशाल गुप्ता ने आगामी वर्ष का वार्षिक खेल कैलेंडर भी जारी किया।

बैठक के दौरान अयोध्या के लोकप्रिय विधायक माननीय वेद प्रकाश गुप्ता का आगमन हुआ। उन्होंने प्रदेश बॉक्सिंग संघ को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया तथा अयोध्या में शीघ्र ही बॉक्सिंग रिंग स्थापित कराने की बात कही।

सभा में प्रमुख रूप से अजय सागर यादव (इटावा), भुजबल सिंह (कानपुर), अश्विन मिश्रा (कानपुर देहात), अविनाश सिंह (फतेहपुर), नरेंद्र यादव (झांसी), शैवर अली खान (बरेली), गोपाल शाही (वाराणसी), सतीश (अयोध्या) सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment