- उदित श्रीवास्तव का 76 रन व 3 विकेट का शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन, फिर भी डीसीए को हार
कानपुर, 5 फरवरी।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन द्वारा आयोजित प्रथम सुनील तिवारी स्मारक अंडर-13 इंटर एकेडमी लीग में कानपुर साउथ (बी) टर्फ मैदान पर खेले गए मुकाबले में नगर निगम क्रिकेट एकेडमी ने डीसीए क्रिकेट एकेडमी को 5 विकेट से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। हालांकि मैच में डीसीए के उदित श्रीवास्तव का ऑलराउंड प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए डीसीए क्रिकेट एकेडमी ने 35 ओवरों में 9 विकेट खोकर 171 रन बनाए। टीम की ओर से उदित श्रीवास्तव ने बेहतरीन 76 रनों की पारी खेली, हालांकि वे दुर्भाग्यवश रन आउट हो गए। अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। नगर निगम की ओर से आयु यादव और अंबर ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि आजाद द्विवेदी ने भी 2 विकेट लेकर अहम योगदान दिया।
172 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नगर निगम क्रिकेट एकेडमी ने 30.2 ओवरों में 5 विकेट खोकर 174 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से फरहान अहमद ने शानदार 60 रन बनाए, मोहम्मद साद ने 31 रन, आजाद द्विवेदी ने 29 रन तथा रितविक (रितिक) जायसवाल ने नाबाद 21 रन की उपयोगी पारी खेली।
गेंदबाजी में भी उदित श्रीवास्तव ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 30 रन देकर 3 विकेट झटके और अपनी टीम को मैच में बनाए रखा। उल्लेखनीय है कि उदित नरेंद्र सिंह क्रिकेट अकादमी के प्रशिक्षु हैं और इस मुकाबले में डीसीए की ओर से खेल रहे थे। व्यक्तिगत रूप से उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा, लेकिन टीम को अपेक्षित सहयोग न मिलने के कारण डीसीए को हार का सामना करना पड़ा। कोच नरेंद्र सिंह ने उनके प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त किया।
मैच के ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ आजाद द्विवेदी रहे, जिन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।