- 3rd पं. शिव गोपाल द्विवेदी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का चौथा मुकाबला
कानपुर, 5 जनवरी।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त चंद्रा क्रिकेट अकादमी मैदान पर स्पार्क क्लब द्वारा आयोजित तृतीय स्वर्गीय पंडित शिव गोपाल द्विवेदी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का चौथा मुकाबला जेड क्लब एवं स्पार्क क्लब के मध्य खेला गया।

टॉस जीतकर जेड क्लब ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। जेड क्लब ने निर्धारित 35 ओवरों में अमन राजपूत के नाबाद 105 रन एवं सिद्धार्थ सेठ के 48 रनों की बदौलत 198 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। स्पार्क क्लब की ओर से सुनील सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 32 रन देकर 4 विकेट प्राप्त किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्पार्क क्लब की टीम ने पवन मिश्रा की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर मुकाबले को अपने नाम कर लिया। पवन मिश्रा ने मात्र 61 गेंदों में 98 रनों की शानदार पारी खेली, वहीं शेखर सुमन ने 35 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। स्पार्क क्लब ने यह मुकाबला 25.1 ओवरों में 5 विकेट से जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
जेड क्लब की ओर से शुभम को 3 विकेट प्राप्त हुए। शानदार प्रदर्शन के लिए पवन मिश्रा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
यह जानकारी टूर्नामेंट सचिव नीरज वर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।