- दो दिवसीय प्रतियोगिता में कई जिलों और विद्यालयों के खिलाड़ियों ने किया प्रतिभाग, कानपुर जिला टीम रही चैंपियन
कानपुर, 20 जुलाई।
जिला ताइक्वांडो स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 4वीं इंटर स्टेट ताइक्वांडो प्रतियोगिता का सफल समापन स्वीट एंजल इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में हुआ। 18 एवं 19 जुलाई को आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों और कई जिलों के 630 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय के डायरेक्टर आलोक मिश्रा एवं प्रधानाचार्या शालिनी शर्मा ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और ताइक्वांडो आत्मरक्षा के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ाता है।

पूरे आयोजन के दौरान विभिन्न आयु वर्गों और भार वर्गों में मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। खिलाड़ियों ने तकनीकी दक्षता, फुर्ती और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
विद्यालय बालक वर्ग टीम चैंपियनशिप
- प्रथम: एनएलके लिटिल स्टेप
- द्वितीय: स्वीट एंजल इंटरनेशनल
- तृतीय: जेकेडी इंटरनेशनल
विद्यालय बालिका वर्ग टीम चैंपियनशिप
- प्रथम: के.आर. एजुकेशन सेंटर
- द्वितीय: फातिमा कॉन्वेंट स्कूल
- तृतीय: एस.एल. पब्लिक स्कूल
जिला ऑफिशियल मैच परिणाम
- प्रथम: कानपुर
- द्वितीय: फर्रुखाबाद
- तृतीय: मुजफ्फरनगर
समापन समारोह में जिला ताइक्वांडो स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष इस्माइल हसन सहित मनोज तोमर, अविचल पाठक, कुलदीप शुक्ला, रितिक राज, शत्रुघ्न सिंह, सुनीत कुमार, अगोचर पाठक, शिवम सिंह, करण सरोज और श्रीकांत शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का मंच प्रदान करने के साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिता का समापन उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के वातावरण में संपन्न हुआ।